TRENDING TAGS :
Etah News: पूर्व प्रधान को फंसाने की साजिश का खुलासा,महिला को खुद मारी गई थी गोली, दो आरोपी गिरफ्तार
Etah News: एटा के जसरथपुर क्षेत्र में महिला को गोली मारने की घटना का पुलिस ने खुलासा किया। जांच में सामने आया कि पूर्व प्रधान को फंसाने के लिए साजिश रची गई थी। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
Etah News
Etah News: उत्तर प्रदेश के एटा जनपद के थाना जसरथपुर क्षेत्र के ग्राम दहेलिया पूठ में टहलने के दौरान महिला को गोली मारकर घायल किए जाने की चर्चित घटना का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा कर दिया है। करीब दो सप्ताह पहले हुई इस घटना ने पूरे क्षेत्र में हलचल मचा दी थी और मामला काफी हाई प्रोफाइल बन गया था। घायल महिला के परिजनों ने गांव के प्रधान बल्लू और उसके साले पर गोली मारने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया था, लेकिन पुलिस की गहन जांच में पूरा मामला साजिश निकला।
अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पाण्डेय ने प्रेसवार्ता में घटना का खुलासा करते हुए बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. इलामारन जी के निर्देशन में गठित टीम ने मामले की विवेचना, घटनास्थल का निरीक्षण, मेडिकल रिपोर्ट और संबंधित व्यक्तियों के बयानों के आधार पर जांच की। जांच में सामने आया कि ग्राम प्रधान बल्लू और अब्दुल रब के बीच पुरानी प्रधानी की रंजिश चली आ रही थी। साथ ही जमीन विवाद और पुरानी मारपीट की घटना का बदला लेने के उद्देश्य से एक सुनियोजित षड्यंत्र रचा गया।
पुलिस के अनुसार, 1 जून 2026 को अब्दुल रब, मोहन और इस्तियाक साधना मिश्रा के पास पहुंचे और योजना के तहत उसकी बाजू में गोली मार दी। इसके बाद प्रधान बल्लू और उसके साले गुलबहार को फंसाने के लिए उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया गया। जांच के दौरान सच्चाई सामने आने पर पुलिस ने घटना में शामिल अब्दुल रब पुत्र नौसे खां तथा इस्तियाक उर्फ पठान पुत्र जाफर खां, निवासी ग्राम नदराला, थाना जसरथपुर, को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से एक अवैध तमंचा 315 बोर और एक खोखा कारतूस बरामद हुआ है।
आरोपियों की गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष विजय सिंह, उपनिरीक्षक सत्यप्रकाश, कांस्टेबल सौरभ कुमार, कांस्टेबल पंकज कुमार, रिंकू और कांस्टेबल तुषार शर्मा शामिल रहे। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है, जबकि मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। इस खुलासे के बाद क्षेत्र में घटना को लेकर चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।


