TRENDING TAGS :
Etah News: गेहूं की फसल में पानी लगाने गए किसान की संदिग्ध हालात में मौत, क्षेत्र में हड़कंप!
Etah News: थाना निधौली कला क्षेत्र के गांव कासिमपुर में गेहूं की फसल में पानी लगाने गए एक 45 वर्षीय किसान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से इलाके में हड़कंप मच गया।
Etah News (photo: social media)
Etah News: थाना निधौली कला क्षेत्र के गांव कासिमपुर में गेहूं की फसल में पानी लगाने गए एक 45 वर्षीय किसान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से इलाके में हड़कंप मच गया। देर रात तक घर वापस न लौटने पर परिजन जब खेत पर पहुंचे तो किसान को मृत अवस्था में पड़ा देखकर उनके होश उड़ गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार गांव कासिमपुर निवासी सुनहरी लाल (45) शुक्रवार रात करीब 9:30 बजे अपने खेत पर गेहूं की फसल में पानी लगाने के लिए घर से निकले थे। काफी देर तक जब वह घर वापस नहीं लौटे तो परिजनों को चिंता होने लगी। परिजनों ने पहले आसपास तलाश की, लेकिन जब कहीं पता नहीं चला तो वह खेत की ओर पहुंच गए।
खेत पर पहुंचने पर परिजनों ने देखा कि सुनहरी लाल जमीन पर पड़े हुए थे और उनके शरीर में कोई हलचल नहीं हो रही थी। पास जाकर देखा तो वह मृत अवस्था में थे। यह दृश्य देखकर परिजनों में चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों की भी मौके पर भीड़ जुट गई।
घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही थाना निधौली कला पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस द्वारा मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।
क्षेत्राधिकारी सदर संकल्प दीप कुशवाह ने बताया कि किसान की खेत में मौत की सूचना मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई कर रही है। प्रथम दृष्टया मौत के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।


