Etah News: एटा में बिना फायर एनओसी सजा आतिशबाजी बाजार, दुकानें न मिलने से व्यापारियों में आक्रोश

Etah News: एटा के सैनिक पड़ाव स्थित आतिशबाजी बाजार में बिना फायर एनओसी दुकानें संचालित होने का मामला सामने आया है। 50 दुकानों के लाइसेंस के बीच अधिक दुकानें लगाने के आरोपों से विवाद बढ़ा।

Sunil Mishra
Published on: 7 Nov 2026 7:17 PM IST
Etah News: एटा में बिना फायर एनओसी सजा आतिशबाजी बाजार, दुकानें न मिलने से व्यापारियों में आक्रोश
X

Etah News

Etah News: दीपावली पर आतिशबाजी का कारोबार करने की उम्मीद लेकर एटा पहुंचे व्यापारियों को इस बार प्रशासनिक अव्यवस्थाओं के चलते भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। शहर के सैनिक पड़ाव स्थित मेला ग्राउंड में लगे आतिशबाजी बाजार में दुकानों के आवंटन से लेकर सुरक्षा इंतजामों तक पर सवाल खड़े हो रहे हैं। व्यापारियों का आरोप है कि निर्धारित संख्या से अधिक दुकानें लगाई गई हैं, जबकि कई लाइसेंसधारकों को दुकान लगाने के लिए जगह तक नहीं मिली। वहीं, अग्निशमन विभाग की एनओसी जारी हुए बिना बाजार संचालित होने का मामला भी सामने आया है।

दुकानदार राजेश कुमार ने बताया कि उन्होंने आतिशबाजी की दुकान के लाइसेंस के लिए तीन हजार रुपये जमा किए थे और लाखों रुपये का पटाखा खरीदकर एटा पहुंच गए, लेकिन उन्हें दुकान लगाने की अनुमति नहीं दी जा रही है। उनका आरोप है कि एक लाइसेंस पर दो दुकानें संचालित कराई जा रही हैं, जबकि कई आवेदकों को जगह नहीं मिल सकी है।व्यापारियों के अनुसार, आतिशबाजी की दुकान लगाने के लिए करीब 250 लोगों ने आवेदन किया था। इनमें से लकी ड्रॉ के माध्यम से 50 लाइसेंस स्वीकृत किए गए।

इसके अलावा देहात क्षेत्र के लिए भी 50 लाइसेंस जारी किए जाने की बात कही जा रही है। आरोप है कि बाजार में एक लाइसेंस पर दो दुकानें संचालित कराई जा रही हैं और निर्धारित संख्या से अधिक दुकानें सजा दी गई हैं। इससे प्रशासन की ओर से जारी लाइसेंस और मौके पर संचालित दुकानों की संख्या को लेकर सवाल उठ रहे हैं।इस संबंध में तहसीलदार एटा नीरज वाष्णेय ने बताया कि तहसील सदर से 50 दुकानों के लाइसेंस जारी किए गए हैं। इससे अधिक दुकानें लगाने की कोई अनुमति नहीं दी गई है। वहीं, एसडीएम एटा श्वेता सिंह से संपर्क करने का कई बार प्रयास किया गया, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी।

फायर एनओसी के बिना बाजार संचालन पर सवाल

आतिशबाजी बाजार में अग्निशमन विभाग की एनओसी जारी न होने का मामला भी सामने आया है। मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रशांत राणा ने बताया कि एसडीएम की ओर से अग्निशमन विभाग से केवल आख्या मांगी गई थी, जिसे उपलब्ध करा दिया गया है। विभाग की ओर से बाजार के लिए कोई एनओसी जारी नहीं की गई है। हालांकि, उन्होंने बताया कि बाजार में अग्निशमन वाहन तैनात किए गए हैं और किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए आवश्यक इंतजाम किए गए हैं।

लाखों का माल लेकर पहुंचे व्यापारियों के सामने संकट

दुकान आवंटित न होने से सबसे अधिक परेशानी उन व्यापारियों को हो रही है, जो लाखों रुपये का आतिशबाजी का सामान खरीदकर दूसरे क्षेत्रों से एटा पहुंचे हैं। दुकान नहीं मिलने के कारण उनके सामने माल बेचने और वापस ले जाने का संकट खड़ा हो गया है। इतनी बड़ी मात्रा में पटाखों को घरों में सुरक्षित रखना भी उनके लिए मुश्किल है। व्यापारियों ने प्रशासन से जल्द समाधान निकालने और उन्हें दुकान लगाने के लिए उचित स्थान उपलब्ध कराने की मांग की है।अब बड़ा सवाल यह है कि जब अग्निशमन विभाग की ओर से एनओसी जारी नहीं की गई तो आतिशबाजी बाजार के संचालन की अनुमति किस आधार पर दी गई? बाजार में सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी किसकी है और दुकान से वंचित व्यापारियों के लाखों रुपये के माल का निस्तारण कैसे होगा? इन सवालों पर प्रशासन की ओर से स्पष्ट जवाब और ठोस कार्रवाई का इंतजार है।

Sunil Mishra
ABOUT THE AUTHOR

Sunil Mishra

वरिष्ठ संवाददाता, एटाetahsunilmishra@newstracksite.vocalwire.com
Next Story