Etah News: हाईटेंशन लाइन की चपेट में आया कैंटर, चालक समेत 3 की मौत, 9 घायल

Etah News: एटा में हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से दो अलग-अलग हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई और नौ लोग घायल हो गए। जलेसर में गंगा दर्शन के लिए जा रहा श्रद्धालुओं से भरा कैंटर करंट की चपेट में आ गया।

Sunil Mishra
Published on: 26 Jun 2026 9:24 PM IST (Updated on: 26 Jun 2026 10:16 PM IST)
Etah News: हाईटेंशन लाइन की चपेट में आया कैंटर, चालक समेत 3 की मौत, 9 घायल
X

Etah News

Etah News: उत्तर प्रदेश के एटा जनपद में शुक्रवार को हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से दो अलग-अलग हादसे हुए, जिनमें तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि नौ लोग घायल हो गए।पहली घटना अलीगंज क्षेत्र में मोहर्रम के जुलूस के दौरान हुई, जहां करंट लगने से एक व्यक्ति की मौत हो गई और चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।वहीं, दूसरी और अधिक दर्दनाक घटना जलेसर थाना क्षेत्र के गांव मिसौली में हुई, जहां गंगा दर्शन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं से भरा एक कैंटर हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गया। हादसे में कैंटर चालक समेत दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला सहित पांच लोग गंभीर रूप से झुलस गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, आगरा के सतीनगर निवासी एक ही परिवार के सदस्य अपने पैतृक गांव मिसौली आए हुए थे। शुक्रवार को सभी लोग सामूहिक रूप से कैंटर में सवार होकर गंगा दर्शन के लिए रवाना हो रहे थे। जैसे ही वाहन गांव से निकलकर मुख्य मार्ग पर पहुंचा, सड़क के ऊपर से गुजर रही झूलती हुई हाईटेंशन बिजली लाइन कैंटर से टकरा गई। करंट फैलते ही वाहन में सवार लोग उसकी चपेट में आ गए।घटना के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बिजली आपूर्ति बंद कराकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) जलेसर पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने कैंटर चालक बंटी गौतम (35) और रमन (38), पुत्र घनश्याम, को मृत घोषित कर दिया।

हादसे में घायल विमलेश (60), पत्नी घनश्याम, की हालत गंभीर होने पर उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद आगरा रेफर कर दिया गया। अन्य घायलों में संध्या (24), सोमवती (68), हेमलता (50) और सतीश गिरी (60) शामिल हैं, जिनका उपचार जलेसर सीएचसी में चल रहा है।पुलिस ने घटना की सूचना संबंधित विभागों को दे दी है। प्रारंभिक जांच में सड़क के ऊपर काफी नीचे झूल रही हाईटेंशन बिजली लाइन को हादसे का कारण माना जा रहा है। पुलिस और विद्युत विभाग संयुक्त रूप से मामले की जांच कर रहे हैं। घटना के बाद मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

उल्लेखनीय है कि शुक्रवार को एटा जनपद में हाईटेंशन लाइन से करंट लगने की दो घटनाएं सामने आई हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कई स्थानों पर हाईटेंशन लाइन के तार काफी नीचे झूल रहे हैं, लेकिन प्रशासन और विद्युत विभाग इस गंभीर समस्या को लेकर पर्याप्त कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इन लाइनों को दुरुस्त नहीं कराया गया, तो भविष्य में भी ऐसे दर्दनाक हादसे हो सकते हैं।

Sunil Mishra
ABOUT THE AUTHOR

Sunil Mishra

Next Story