Etah News: एटा में होटल-ढाबा संचालकों को राहत, व्यापार मंडल के विरोध पर रात 11 बजे तक अनुमति

Etah News: एटा में होटल और ढाबा संचालकों को व्यापार मंडल के विरोध के बाद राहत मिली है। पुलिस प्रशासन ने प्रतिष्ठान बंद करने की समय सीमा रात 10 बजे से बढ़ाकर 11 बजे कर दी है।

Sunil Mishra
Published on: 7 July 2026 6:30 PM IST
Etah News: एटा में होटल-ढाबा संचालकों को राहत, व्यापार मंडल के विरोध पर रात 11 बजे तक अनुमति
X

Etah News

Etah News: उत्तर प्रदेश के एटा जिले में देर रात तक संचालित होने वाले होटलों और ढाबों के संचालन समय को लेकर पुलिस द्वारा लगाई गई समय सीमा के विरोध में व्यापारियों ने अपनी आपत्ति दर्ज कराई। व्यापार मंडल के एक प्रतिनिधिमंडल ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. इलामारन जी से मुलाकात कर अपनी समस्या रखी और होटल-ढाबों को रात 12 बजे तक खोलने की अनुमति देने की मांग की।

व्यापार मंडल के नगर अध्यक्ष अतुल राठी ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से होटल-ढाबों के संचालन का समय रात 12 बजे तक बढ़ाने का अनुरोध किया। इस पर सहमति बनाते हुए प्रशासन ने रात 11 बजे तक होटल और ढाबे खोलने की अनुमति दे दी।अतुल राठी ने कहा कि यदि कोई भी होटल या ढाबा संचालक शराब पिलाते हुए पकड़ा जाता है तो व्यापार मंडल उसका समर्थन नहीं करेगा और प्रशासन उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई कर सकता है। उन्होंने कहा कि सभी व्यापारी एक जैसे नहीं होते, जिस प्रकार सभी पुलिसकर्मी भी एक जैसे नहीं होते। उन्होंने प्रशासन से व्यापारियों को सहयोग देने और व्यापारियों की ओर से भी प्रशासन को पूरा सहयोग देने की बात कही।

अपर पुलिस अधीक्षक (ASP) श्वेताभ पांडेय ने जानकारी देते हुए बताया कि होटल और ढाबा संचालकों की मांग और समस्याओं को ध्यान में रखते हुए अब प्रतिष्ठान बंद करने का समय बढ़ाकर रात 11 बजे कर दिया गया है। हालांकि, किसी भी होटल या ढाबे पर शराब की बिक्री या सेवन कराए जाने की स्थिति में कड़ी कार्रवाई की जाएगी।दो दिन पूर्व पुलिस प्रशासन ने क्षेत्र में अपराध और अपराधियों पर लगाम लगाने के उद्देश्य से देर रात तक संचालित होने वाले होटल-ढाबों को बंद कराने का विशेष अभियान चलाया था। इस अभियान के तहत पुलिस रात 10 बजे ही इन व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को बंद करा रही थी। अचानक लागू हुई इस समय सीमा के कारण होटल और ढाबा संचालकों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया था।

इस सख्ती के विरोध में मंगलवार दोपहर करीब 12:45 बजे बड़ी संख्या में छोटे-बड़े होटल और ढाबा संचालक एकत्रित होकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. इलामारन जी के कार्यालय पहुंचे। होटल संचालक प्रत्यक्ष पुंडीर के नेतृत्व में व्यापारियों ने पुलिस कप्तान से समय सीमा में राहत देने और कथित उत्पीड़न रोकने की मांग की।संचालकों का कहना था कि उनका मुख्य कारोबार रात 10 बजे के बाद ही शुरू होता है। ऐसे में जल्दी दुकानें बंद होने से उनका व्यवसाय प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि प्रशासन को अपराधियों के खिलाफ सख्ती करनी चाहिए, न कि नियमों का पालन करने वाले व्यापारियों को परेशान करना चाहिए।मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधिकारियों ने व्यापारियों की समस्याओं पर विचार किया। इसके बाद अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पांडेय ने होटल और ढाबों के संचालन की समय सीमा रात 10 बजे से बढ़ाकर 11 बजे करने की घोषणा की। पुलिस के इस निर्णय से स्थानीय होटल और ढाबा संचालकों ने राहत की सांस ली है।

Sunil Mishra
ABOUT THE AUTHOR

Sunil Mishra

वरिष्ठ संवाददाता, एटाetahsunilmishra@newstracksite.vocalwire.com
Next Story