TRENDING TAGS :
Etah News: एटा में जल निगम पर आरोप: बिना टैंक पाइपलाइन मीठे पानी की सप्लाई
Etah News : ग्रामवासियों ने डीएम को ज्ञापन देकर जांच और दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की, हर घर जल योजना में कागजी हेरफेर का आरोप।
Etah Water Scam ( Image From Social Media )
Etah News: उत्तर प्रदेश के एटा जनपद में जल निगम के अधिकारियों पर बड़ा भ्रष्टाचार का आरोप लगा है। जलेसर तहसील क्षेत्र के ग्राम पंचायत बेरनी में ‘हर घर जल योजना’ के तहत मीठे पानी की सप्लाई दिखाकर भुगतान कराने का मामला सामने आया है, जबकि जमीन पर न तो टैंक बना है और न ही पाइपलाइन बिछाई गई है।
बुधवार को ग्राम पंचायत बेरनी सहित आसपास के गांवों के ग्रामीणों ने भारतीय किसान यूनियन (किसान) के प्रदेश महासचिव प्रत्येंद्र सिंह सिसोदिया के नेतृत्व में एसडीएम के माध्यम से जिलाधिकारी प्रेमरंजन सिंह को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों का कहना है कि जल निगम और ठेकेदार कंपनी ने मिलीभगत से बिना काम किए ही कागजों में परियोजना को पूरा दिखा दिया है।
ज्ञापन में बताया गया है कि जल जीवन मिशन के तहत बेरनी, रामरायपुर, शाहगढ़ी और नगला राधे गांवों में मीठे पानी की सप्लाई की योजना थी। लेकिन अब तक किसी भी गांव में ओवरहेड टैंक का निर्माण नहीं हुआ है और न ही पाइपलाइन बिछाई गई है। बावजूद इसके रिकॉर्ड में पानी की आपूर्ति शुरू दिखाकर भुगतान कर दिया गया है।
ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मामले की तकनीकी जांच कराने और दोषी अधिकारियों व कंपनी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि कार्रवाई नहीं हुई तो भारतीय किसान यूनियन (किसान) जिला मुख्यालय पर अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन शुरू करेगी।ज्ञापन सौंपने वालों में प्रत्येंद्र सिंह सिसोदिया, मोनू गौतम, हरीमोहन, राजा सोबता, गजेन्द्र पाल, नितिन शर्मा, प्रशान्त पाराशर, कुलदीप सिंह, हरदीप सिंह, रमन सिसोदिया और गुलशन कुमार समेत सैकड़ों ग्रामीण शामिल रहे।


