Etah News: जिलाधिकारी के निर्देश पर जलेसर में सरकारी भूमि से हटाया गया अवैध अतिक्रमण

Etah News: एटा के जलेसर क्षेत्र में जिलाधिकारी के निर्देश पर प्रशासन ने सरकारी भूमि से अवैध अतिक्रमण हटाया। राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त कार्रवाई में भूमि को अतिक्रमण मुक्त कर सरकारी उपयोग के लिए सुरक्षित किया गया।

Sunil Mishra
Published on: 18 May 2026 5:19 PM IST
Etah News: जिलाधिकारी के निर्देश पर जलेसर में सरकारी भूमि से हटाया गया अवैध अतिक्रमण
X

Etah News

Etah News: जनपद एटा के तहसील जलेसर क्षेत्र की ग्राम पंचायत गोपालपुर बिखरो में सरकारी भूमि पर किए गए अवैध अतिक्रमण को प्रशासन ने हटाकर भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया। यह कार्रवाई संपूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त शिकायत के आधार पर जिलाधिकारी एटा अरविंद सिंह के निर्देश पर की गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत गोपालपुर बिखरो में सरकारी भूमि पर कुछ लोगों द्वारा अवैध कब्जा किए जाने की शिकायत प्रशासन को मिली थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी अरविंद सिंह ने उप जिलाधिकारी जलेसर पीयूष रावत को तत्काल जांच कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी के निर्देश के बाद राजस्व विभाग और पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और सरकारी भूमि से अवैध कब्जा हटाने की कार्रवाई शुरू की गई।कार्रवाई के दौरान प्रशासन ने शांतिपूर्ण तरीके से अतिक्रमण हटवाते हुए भूमि को ट्रैक्टर से जोतकर पुनः सरकारी उपयोग के लिए सुरक्षित कराया।

मौके पर राजस्व विभाग, पुलिस प्रशासन और स्थानीय अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासनिक अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों में आगे भी अभियान चलाकर कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।ग्रामीणों ने प्रशासन की इस कार्रवाई का स्वागत करते हुए कहा कि इससे गांव में सरकारी संपत्तियों की सुरक्षा सुनिश्चित होगी तथा आम लोगों में प्रशासन के प्रति विश्वास बढ़ेगा। लोगों ने इसे सुशासन और पारदर्शी प्रशासन की दिशा में एक सकारात्मक कदम बताया।जिलाधिकारी अरविंद सिंह ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि जन शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए तथा सरकारी भूमि पर अवैध कब्जों के खिलाफ नियमित अभियान चलाकर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

Shalini singh

Shalini singh

Mail ID - Shalinisingh34678346@gmail.com

Next Story