TRENDING TAGS :
Etah News: दूसरे सोमवार पर उमड़ेंगे कांवड़िए, एसएसपी ने परखी जमीनी तैयारियां
Etah News: सावन के दूसरे सोमवार को कांवड़ियों की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए एटा एसएसपी डॉ. इलामारन जी. ने मिरहची कांवड़ मार्ग का निरीक्षण किया।
Etah News
Etah News: सावन के दूसरे सोमवार को शिवालयों में जलाभिषेक के लिए उमड़ने वाले कांवड़ियों और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए एटा पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। श्रद्धालुओं को आवागमन के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो और कांवड़ यात्रा शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो, इसके लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एटा डॉ. इलामारन जी. ने थाना मिरहची क्षेत्र के कांवड़ मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया।
एसएसपी ने कांवड़ मार्ग पर पहुंचकर यातायात व्यवस्था, रूट डायवर्जन, बैरिकेडिंग और संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा इंतजामों को बारीकी से परखा। उन्होंने मार्ग पर लगाए गए चेतावनी और सांकेतिक बोर्डों की स्थिति भी देखी, ताकि कांवड़ियों और आम राहगीरों को रास्ते में किसी तरह की भ्रम की स्थिति का सामना न करना पड़े।निरीक्षण के दौरान एसएसपी इलामारन जी. ने रास्ते में मौजूद कांवड़ियों से बातचीत कर उनकी सुविधाओं और समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने श्रद्धालुओं से यात्रा के दौरान सावधानी बरतने तथा पुलिस-प्रशासन की ओर से किए जा रहे इंतजामों के संबंध में भी फीडबैक लिया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि कांवड़ियों के साथ विनम्र व्यवहार रखते हुए उनकी हरसंभव सहायता की जाए।
एसएसपी ने पुलिस सहायता केंद्रों, मेडिकल बूथों, कांवड़ शिविरों और भंडारों का भी निरीक्षण किया। वहां उपलब्ध व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को साफ-सफाई, पेयजल, चिकित्सा सहायता और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों से कहा कि दूसरे सोमवार को श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने की संभावना है। ऐसे में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखना सबसे महत्वपूर्ण है। किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल पूरी तरह सतर्क रहे और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाए।
एसएसपी इलामारन जी. ने स्पष्ट किया कि कांवड़ियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। यात्रा के दौरान किसी श्रद्धालु को परेशानी न हो, इसके लिए पुलिस लगातार कांवड़ मार्गों की निगरानी कर रही है।उन्होंने बताया कि एटा पुलिस के पांचों क्षेत्राधिकारी और दो एएसपी इस दौरान फील्ड में मोबाइल रहेंगे। इस बार पुलिस बल के साथ मेडिकल टीम भी तैनात की गई है। रूट डायवर्जन कल से लागू कर दिया जाएगा। बसों और अन्य वाहनों के आवागमन की व्यवस्था अलग से की गई है। किसी भी बाहरी वाहन को कांवड़ मार्ग पर प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।एसएसपी ने सभी कांवड़ियों से आराम से यात्रा करने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।


