TRENDING TAGS :
Etah News: कुंडल लूट के आरोपी से पुलिस की मुठभेड़, गोली लगने के बाद गिरफ्तार हुआ रफीक बंजारा
Etah News : एटा में कुंडल लूट के आरोपी रफीक बंजारा से पुलिस मुठभेड़, पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार, तमंचा और कुंडल बरामद।
Etah Police Encounter
Etah News: उत्तर प्रदेश के एटा जिले के थाना जसरथपुर क्षेत्र में शुक्रवार रात पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई, जिसमें कुंडल लूट का आरोपी रफीक बंजारा घायल हो गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस, लूटे गए सोने जैसे पीली धातु के कुंडल और बिना नंबर की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
पुलिस को देखकर भागने लगा आरोपी
पुलिस के मुताबिक शुक्रवार रात करीब 10 बजकर 10 मिनट पर थाना जसरथपुर पुलिस ग्राम हरिसिंहपुर-कुंवरपुर मोड़ पर संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक स्प्लेंडर बाइक पर सवार युवक वहां आता दिखाई दिया। पुलिस टीम ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन वह बाइक मोड़कर तेजी से भागने लगा।
भागने के दौरान कच्चे रास्ते पर उसकी बाइक फिसल गई, जिससे वह गिर पड़ा। आरोप है कि इसके बाद उसने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें गोली उसके बाएं पैर में लग गई। गोली लगने से वह घायल हो गया और पुलिस ने मौके पर ही उसे पकड़ लिया।
तमंचा और लूट के कुंडल बरामद
गिरफ्तार आरोपी ने पूछताछ में अपना नाम रफीक बंजारा पुत्र मीर खां निवासी देवरई थाना कुरावली जनपद मैनपुरी बताया। पुलिस के अनुसार वह फिलहाल छबीलेपुर थाना बेवर क्षेत्र में रह रहा था।
तलाशी के दौरान पुलिस ने उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा 315 बोर, चार जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, लूटे गए एक जोड़ी कुंडल और बिना नंबर की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की।
साथी अरमान के साथ मिलकर की थी लूट
पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी अरमान के साथ मिलकर थाना जसरथपुर क्षेत्र में महिला से कुंडल लूट की घटना को अंजाम देने की बात कबूल की है। इसके अलावा थाना जैथरा क्षेत्र में महिला के साथ मारपीट कर बैग लूटने के प्रयास की वारदात में भी उसकी संलिप्तता सामने आई है।
खंगाला जा रहा आपराधिक इतिहास
अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पाण्डेय ने बताया कि आरोपी रफीक बंजारा का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है। पुलिस उसके खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई करते हुए जेल भेजने की तैयारी कर रही है।


