TRENDING TAGS :
Etah News: एटा में समाधान दिवस: डीएम-एसएसपी ने सुनी शिकायतें, 12 मामलों का मौके पर हुआ निस्तारण
Etah News: एटा तहसील सदर में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में डीएम अरविंद सिंह और एसएसपी डॉ. इलामारन ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं।
Etah News
Etah News: उत्तर प्रदेश के एटा जनपद की तहसील सदर में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी अरविंद सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. इलामारन, मुख्य विकास अधिकारी आर. पी. मिश्रा और मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान अधिकारियों ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को शिकायतों के समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। समाधान दिवस में विभिन्न विभागों से जुड़ी कुल 45 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 12 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष मामलों के शीघ्र समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
जिलाधिकारी अरविंद सिंह ने कहा कि पिछली बार की तुलना में इस बार शिकायतों की संख्या कम रही है, जिससे यह प्रतीत होता है कि पूर्व में दिए गए निर्देशों का सकारात्मक असर दिखाई दे रहा है। उन्होंने बताया कि चार सप्ताह पूर्व आयोजित तहसील दिवस के बाद जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने संयुक्त रूप से शिकायतों के प्रभावी निस्तारण के लिए पांच श्रेणियों की रणनीति तैयार की थी।इसी व्यवस्था के तहत शिकायतों की गंभीरता के अनुसार एसडीएम, क्षेत्राधिकारी, तहसीलदार और थाना प्रभारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। अत्यंत गंभीर मामलों की निगरानी स्वयं जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक करेंगे।
उन्होंने स्पष्ट किया कि दबंगई और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाले लोगों के खिलाफ गुंडा एक्ट के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीमें लगातार क्षेत्र में जाकर शिकायतों का निस्तारण करेंगी और उच्चाधिकारियों को रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगी।वहीं, तहसील अलीगंज में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में अपर जिलाधिकारी संगम लाल और अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पाण्डेय ने जनसुनवाई करते हुए राजस्व, पुलिस, भूमि विवाद, विद्युत, विकास सहित अन्य विभागों से संबंधित शिकायतें सुनीं। अधिकारियों ने प्रत्येक शिकायत का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए संबंधित विभागों को निष्पक्ष और समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए।
कई मामलों का मौके पर ही समाधान कराया गया, जबकि शेष शिकायतों को आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को भेजा गया।इस दौरान उपजिलाधिकारी अलीगंज, क्षेत्राधिकारी अलीगंज सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। वहीं, तहसील जलेसर में भी अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व तथा अपर पुलिस अधीक्षक अपराध की मौजूदगी में शिकायतें सुनी गईं और उनके निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए।


