Etah News: कांवड़ियों को कराया भोजन, भंडारे में खुद परोसा प्रसाद और पुष्पवर्षा कर बढाया सम्मान

Etah News: एटा में कांवड़ियों के लिए भंडारे का आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं को भोजन कराया, खुद प्रसाद परोसा और पुष्पवर्षा कर सम्मान बढ़ाया।

Sunil Mishra
Published on: 16 Aug 2026 3:23 PM IST
Etah News
X

Etah News(Photo-Social Media)

Etah News: एटा जनपद में सावन माह और कांवड़ यात्रा के मद्देनजर एटा पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था के साथ सेवा और श्रद्धा का संदेश भी दिया। कोतवाली नगर और कोतवाली देहात पुलिस की ओर से एटा-कासगंज रोड स्थित रेलवे अंडरपास के निकट आर्ष गुरुकुल के सामने संयुक्त भंडारे का आयोजन किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एटा डॉ. इलामारन जि. ने फीता काटकर और दीप प्रज्ज्वलित कर भंडारे का शुभारंभ किया।

उद्घाटन के बाद एसएसपी ने शिवभक्त कांवड़ियों का स्वागत किया, उन्हें प्रसाद वितरित किया और पुष्पवर्षा कर उनकी कुशलक्षेम जानी। उन्होंने कांवड़ियों से बातचीत करते हुए यात्रा के दौरान अनुशासन बनाए रखने, निर्धारित मार्ग का ही इस्तेमाल करने तथा यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। एसएसपी ने कहा कि कांवड़ियों की सुरक्षा, सुविधा और सुगम यात्रा के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह तत्पर है।

भंडारे में बड़ी संख्या में कांवड़ियों के साथ स्थानीय श्रद्धालुओं ने भी प्रसाद ग्रहण किया। पुलिस कर्मियों ने भंडारा स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था के साथ यातायात प्रबंधन भी संभाला, जिससे श्रद्धालुओं और राहगीरों को किसी तरह की परेशानी न हो। भंडारे का धार्मिक महत्व होने के साथ सामाजिक सरोकार भी है। यात्रा के दौरान लंबी दूरी तय करने वाले कांवड़ियों को भोजन और जल उपलब्ध होने से उन्हें राहत मिलती है। इससे थकान कम करने, ऊर्जा बनाए रखने और यात्रा को सुरक्षित ढंग से जारी रखने में मदद मिलती है। साथ ही भंडारे के माध्यम से स्थानीय लोग और पुलिस श्रद्धालुओं की सेवा कर आपसी सद्भाव, सहयोग और भाईचारे का संदेश देते हैं।

कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक एटा श्वेताभ पाण्डेय, अपर पुलिस अधीक्षक अपराध योगेंद्र सिंह, क्षेत्राधिकारी नगर कीर्तिका सिंह, कोतवाली नगर प्रभारी धर्मेंद्र पंवार, कोतवाली देहात प्रभारी केके लोधी सहित बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौजूद रहे। कांवड़ियों और स्थानीय लोगों ने पुलिस के इस सेवा भाव की सराहना की।

Sunil Mishra
ABOUT THE AUTHOR

Sunil Mishra

वरिष्ठ संवाददाता, एटाetahsunilmishra@newstracksite.vocalwire.com
Next Story