TRENDING TAGS :
Etah News: जलेसर में अवैध पशु काटने वाले सात आरोपी गिरफ्तार, एक फरार
Etah News: एटा के जलेसर नगर में पुलिस ने अवैध पशु कटान स्थल पर छापेमारी कर सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी फरार हो गया। मौके से भारी मात्रा में मांस और कटान में प्रयुक्त उपकरण बरामद किए गए हैं।
Etah News: उत्तर परदेस के एटा जनपद के थाना जलेसर नगर में अवैध पशु कटान की लगातार मिल रही शिकायतों के बीच शुक्रवार सुबह पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अवैध पशु वध स्थल पर छापा मारकर सात आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में मांस तथा कटान में प्रयुक्त उपकरण भी बरामद किए हैं।
अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पाण्डेय के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक ज्ञानेन्द्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में कोतवाली जलेसर पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर मोहल्ला बड़ा बाजार चौराहे के समीप एक मकान में छापेमारी की। पुलिस के पहुंचते ही वहां अफरा-तफरी मच गई, लेकिन घेराबंदी कर सात लोगों को मौके से पकड़ लिया गया, जबकि एक आरोपी भागने में सफल रहा।गिरफ्तार आरोपियों में मोहम्मद समीर, सौरभ, बिलाल उर्फ रोहित, अदनान, मोहम्मद आरिफ, अकरम और इकबाल शामिल हैं। वहीं फरार आरोपी की पहचान अफसर पुत्र बाबू निवासी मोहल्ला बड़ा बाजार, जलेसर के रूप में हुई है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस उपाधीक्षक ज्ञानेन्द्र प्रताप सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध पशु क्रूरता अधिनियम की धारा 11 तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 325 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। मौके पर पशु चिकित्सकों की टीम बुलाकर बरामद मांस के नमूने लिए गए, जिन्हें सीलबंद कर जांच के लिए मथुरा स्थित पशु प्रयोगशाला भेज दिया गया है।छापेमारी के दौरान पुलिस ने भारी मात्रा में मांस के अलावा एक कुल्हाड़ी, दो छुरियां, एक सूजा, एक इलेक्ट्रॉनिक कांटा तथा अन्य कटान संबंधी उपकरण भी बरामद किए। पुलिस का कहना है कि अवैध पशु कटान के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और इस तरह की गतिविधियों में शामिल लोगों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


