Etah News: मासूम के मुंह के आर-पार हुई सरिया, सफल ऑपरेशन से निकाली गई

Etah News: एटा में निर्माणाधीन मकान के पास खेलते समय छह वर्षीय बच्चे के मुंह के आर-पार सरिया घुस गई, सफल ऑपरेशन से बची जान।

Sunil Mishra
Published on: 6 Sept 2026 9:13 PM IST
Etah News: मासूम के मुंह के आर-पार हुई सरिया, सफल ऑपरेशन से निकाली गई
X

Etah News

Etah News: एटा जनपद के सकीट थाना क्षेत्र के गांव बावली में निर्माणाधीन मकान में खेलते समय छह वर्षीय मासूम के मुंह के आर-पार लोहे की सरिया घुस गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। गंभीर हालत में परिजन बच्चे को एटा मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उसे निजी अस्पताल रेफर कर दिया गया। निजी अस्पताल में डॉक्टरों ने सफल ऑपरेशन कर मासूम के मुंह से सरिया निकाल दी। ऑपरेशन सफल होने के बाद परिजनों ने राहत की सांस ली।

जानकारी के अनुसार गांव बावली निवासी विनीत का छह वर्षीय पुत्र प्रबल शनिवार शाम करीब साढ़े चार बजे मोहल्ले के अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था। खेलते-खेलते वह अमृत सिंह फौजी के निर्माणाधीन मकान के पास पहुंच गया। इसी दौरान अचानक वह गिर पड़ा और वहां पड़ी लोहे की सरिया उसके मुंह के आर-पार हो गई।

सरिया घुसते ही प्रबल दर्द से चीखने लगा। उसकी चीख सुनकर आसपास मौजूद लोग और परिजन मौके पर पहुंचे। हादसे की जानकारी मिलते ही परिवार के लोग उसे तत्काल एटा मेडिकल कॉलेज लेकर गए। बच्चे की हालत गंभीर होने के कारण चिकित्सकों ने उसे बेहतर उपचार के लिए निजी अस्पताल रेफर कर दिया।

परिजन प्रबल को डॉ. हिमांशु उपाध्याय के अस्पताल लेकर पहुंचे। चिकित्सकों की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद ऑपरेशन कर उसके मुंह में फंसी लोहे की सरिया बाहर निकाली। डॉक्टरों के अनुसार ऑपरेशन सफल रहा है और मासूम की हालत पर निगरानी रखी जा रही है।

हादसे के बाद गांव में भी लोगों की भीड़ जमा हो गई। परिजनों ने चिकित्सकों का आभार जताया। घटना को लेकर ग्रामीणों ने निर्माणाधीन मकानों के पास बच्चों के आने जाने से रोकने की व्यवस्था सुनिश्चित किए जाने की बात की है।

Sunil Mishra
ABOUT THE AUTHOR

Sunil Mishra

वरिष्ठ संवाददाता, एटाetahsunilmishra@newstracksite.vocalwire.com
Next Story