TRENDING TAGS :
Etah News: एटा में पानी भरने को लेकर खूनी खेल! छोटे भाई ने बड़े भाई की दांतों से काट दी नाक, थैली में रखकर अस्पताल पहुंचा पीड़ित
Etah News: उत्तर प्रदेश के एटा जनपद के थाना रिजोर क्षेत्र के गांव निघौली खुर्द में मामूली विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया
Etah News
Etah News: उत्तर प्रदेश के एटा जनपद के थाना रिजोर क्षेत्र के गांव निघौली खुर्द में मामूली विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। नल से पानी भरने को लेकर शुरू हुआ विवाद दो सगे भाइयों के बीच हिंसक झड़प में बदल गया, जिसमें बड़े भाई की नाक काटे जाने का आरोप लगा है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और परिवार में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार गांव निवासी राजेश ने आरोप लगाया कि उसकी बेटी घर के पास लगे नल से पानी भरने गई थी। इसी दौरान छोटे भाई संजीव उर्फ अजीत ने किसी बात को लेकर उसके साथ मारपीट कर दी। बेटी से घटना की जानकारी मिलने पर जब राजेश ने इसका विरोध किया तो दोनों भाइयों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
आरोप है कि विवाद इतना बढ़ गया कि संजीव उर्फ अजीत ने राजेश को जमीन पर गिराकर बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। इसी दौरान उसने दांतों से राजेश की नाक काट ली, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। शोर सुनकर बीच-बचाव करने पहुंचे वृद्ध पिता के साथ भी मारपीट किए जाने का आरोप है।
घटना के बाद परिजन गंभीर रूप से घायल राजेश और अन्य घायलों को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज एटा लेकर पहुंचे, जहां उनका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार घायल की हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है।
मामले की सूचना मिलते ही थाना रिजोर पुलिस मौके पर पहुंच गई और आरोपी संजीव उर्फ अजीत को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
क्षेत्राधिकारी सकीट नीतेश गर्ग ने बताया घटना मामूली मारपीट की थी किंतु छोटे भाई के द्वारा नाक काटकर अलग कर देने से पेचीदा और गंभीर किस्म का हो गया है रिपोर्ट दर्ज कर कठोर कार्यवाही की जायेगी। गांव में हुई इस घटना को लेकर लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। मामूली घरेलू विवाद के हिंसक रूप लेने से ग्रामीण भी हैरान हैं।


