Etah News: धरौली रोड पर पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, जैथरा कांड के दो आरोपी गिरफ्तार

Etah News : एटा के धरौली रोड पर पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ में जैथरा कांड के दो आरोपी गिरफ्तार, एक बदमाश घायल।

Sunil Mishra
Published on: 16 May 2026 10:09 AM IST
Etah News: धरौली रोड पर पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, जैथरा कांड के दो आरोपी गिरफ्तार
X

Etah Police Encounter

Etah News: उत्तर प्रदेश के एटा जनपद में शुक्रवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ से इलाके में हड़कंप मच गया। लंबे समय से पुलिस के लिए चुनौती बने जैथरा कांड के आरोपी आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गए। थाना जैथरा, थाना जसरथपुर और एसओजी टीम की संयुक्त कार्रवाई में दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया गया। मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई, जबकि दूसरे को पुलिस ने घेराबंदी कर दबोच लियापुलिस ने मौके से अवैध तमंचे, कारतूस, नकदी और बिना नंबर की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है। घटना के बाद पूरे इलाके में पुलिस की कार्रवाई चर्चा का विषय बनी रही।

संदिग्धों की चेकिंग के दौरान शुरू हुआ पीछा

जानकारी के अनुसार थाना जैथरा क्षेत्र के धरौली रोड पर पुलिस संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान स्प्लेंडर बाइक पर सवार दो युवक पुलिस टीम को देखकर अचानक भागने लगे। पुलिस को शक हुआ तो टीम ने उनका पीछा शुरू कर दिया।

कुछ दूरी पर खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई फायरिंग से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने भी आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। इसी दौरान एक बदमाश अरमान के दाहिने पैर में गोली लग गई। वहीं उसका साथी शकील भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन पुलिस ने उसे थोड़ी दूरी पर पकड़ लिया।

मैनपुरी के रहने वाले हैं दोनों आरोपी

पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार बदमाशों की पहचान अरमान पुत्र महबूब और शकील पुत्र गुलाब निवासी ग्राम देवराई थाना कुरावली जनपद मैनपुरी के रूप में हुई है। घायल अरमान को तुरंत इलाज के लिए एटा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी लंबे समय से आपराधिक घटनाओं को अंजाम दे रहे थे और कई मामलों में वांछित चल रहे थे।

पूछताछ में कई वारदातों का खुलासा

गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में बदमाशों ने कई घटनाओं का खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक अरमान ने अपने साथी रफीक के साथ मिलकर थाना जसरथपुर क्षेत्र में एक महिला के कुंडल छीने थे। इसके अलावा थाना जैथरा क्षेत्र में एक महिला के साथ मारपीट कर उसका बैग लूटने का प्रयास भी किया गया था।दोनों घटनाओं में पहले से मुकदमे दर्ज हैं और पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही थी। लगातार वारदातों के चलते ये आरोपी जनपद पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बने हुए थे।

फरार आरोपी रफीक की तलाश में दबिश

मुठभेड़ की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी ट्रैफिक संजय सिंह समेत कई थानों का पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने पूरे इलाके में सघन चेकिंग अभियान भी चलाया।

फिलहाल पुलिस फरार आरोपी रफीक की तलाश में लगातार दबिश दे रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं पुलिस पूरे मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है

Shalini Rai

Shalini Rai

Mail ID - raishalini910@gmail.com

Next Story