TRENDING TAGS :
Etah News: एटा में रोडवेज बस की कारों से टक्कर के बाद बवाल, पुलिस चौकी में युवकों से मारपीट का आरोप
Etah News: एटा में रोडवेज बस की दो वैगनआर कारों से टक्कर के बाद विवाद बढ़ गया। युवकों ने पुलिस चौकी में बंद कर मारपीट करने का आरोप लगाया है, जबकि पुलिस ने इन आरोपों को खारिज किया है।
Etah News
Etah News: थाना कोतवाली नगर क्षेत्र स्थित रोडवेज बस अड्डा पुलिस चौकी में पुलिसकर्मियों द्वारा एक युवक और उसके भतीजे के साथ मारपीट किए जाने का आरोप लगा है। इस घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि रोडवेज बस चालक ने उनकी दो वैगनआर कारों में टक्कर मार दी। घटना के बाद जब उन्होंने इसका विरोध किया तो पुलिसकर्मी उन्हें रोडवेज बस अड्डा पुलिस चौकी ले गए, जहां उनके साथ मारपीट की गई। हालांकि, कोतवाली नगर के प्रभारी निरीक्षक ने पुलिस द्वारा मारपीट किए जाने के आरोपों से इनकार किया है।
पीड़ित सर्वेश कुमार के मुताबिक, उनके भाई की वैगनआर कार (यूपी 82 ए 7096) में रोडवेज बस ने टक्कर मार दी थी। बस चालक ने फोन कर उन्हें घटना की जानकारी दी। इसके बाद उन्होंने चौथे मील के पास बस को रुकवाने का प्रयास किया, लेकिन आरोप है कि चालक ने उनकी दूसरी वैगनआर कार में भी टक्कर मार दी।सर्वेश का कहना है कि दोनों कारों में टक्कर के बाद मामला बिगड़ गया। विरोध करने पर पुलिसकर्मी उन्हें और उनके भतीजे को रोडवेज बस अड्डा पुलिस चौकी ले गए, जहां उनके भतीजे की बुरी तरह पिटाई की गई। साथ ही उन्हें भी चौकी में बंद कर पीटा गया। पीड़ित ने पुलिस पर धमकी देने का भी आरोप लगाया है। उनका कहना है कि मौके पर भीड़ एकत्रित होने के बाद उन्हें छोड़ दिया गया।
पुलिस ने आरोपों को नकारा
इस संबंध में कोतवाली नगर के प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र पवार ने बताया कि रोडवेज पुलिस चौकी पर किसी भी व्यक्ति के साथ मारपीट नहीं की गई। उनके अनुसार, कार सवार युवकों ने रोडवेज बस चालक के साथ मारपीट की थी, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया। उन्होंने बताया कि वह स्वयं वैगनआर सवार युवकों को थाने लेकर आए थे।रोडवेज बस एटा डिपो की है और चालक जयराम की ओर से कोतवाली नगर में शिकायत दी गई है। प्रभारी निरीक्षक के मुताबिक, बस और वैगनआर कारों की टक्कर की घटना पिलुआ हाईवे के पास हुई थी, जिसकी रिपोर्ट थाना पिलुआ में दर्ज की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार सवारों की ओर से अभी तक कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है।


