TRENDING TAGS :
Etah News जन्माष्टमी की खुशियां मातम में बदलीं, रोडवेज बस की टक्कर से बाइक सवार मासूम सहित दो की मौत
Etah News: एटा में जन्माष्टमी कार्यक्रम देखने आ रहे बाइक सवारों की रोडवेज बस से टक्कर हो गई, हादसे में मासूम समेत दो की मौत और एक युवक घायल हुआ।
Etah News: श्री कृष्ण जन्माष्टमी पर शहर में आयोजित कार्यक्रम देखने आ रहे बाइक सवार पांच लोग शुक्रवार देर रात हादसे का शिकार हो गए। कोतवाली देहात क्षेत्र में महिंद्रा एजेंसी के पास रोडवेज बस के अचानक कट मारने से बाइक अनियंत्रित होकर बस से जा टकराई। हादसे में बाइक चालक समेत पांच वर्षीय मासूम की मौत हो गई, जबकि 22 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस के अनुसार हादसा शुक्रवार रात करीब 11:30 बजे हुआ। बाइक पर दो महिलाओं, दो युवकों और एक बच्चे समेत पांच लोग सवार थे। बताया गया कि बाइक सवार जन्माष्टमी का कार्यक्रम देखने एटा शहर आ रहे थे। महिंद्रा एजेंसी के पास रोडवेज बस के अचानक कट मारने से बाइक अनियंत्रित होकर बस से जा भिड़ी।
हादसे में मिरहची थाना क्षेत्र के दतेई निवासी बाइक चालक 30 वर्षीय श्याम सुंदर (पुत्र राजेंद्र) और कोतवाली देहात क्षेत्र के गंगानगर निवासी पांच वर्षीय अर्जुन (पुत्र पवन) गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को वीरांगना अवंतीबाई मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे में 22 वर्षीय गोविंद गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसका मेडिकल कॉलेज में उपचार चल रहा है।
हादसे की जानकारी मिलते ही मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कोतवाली देहात थाना अध्यक्ष के. लोधी ने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। हादसे की परिस्थितियों और रोडवेज बस चालक के संबंध में जांच की जा रही है।


