TRENDING TAGS :
Etah News: संदीप जैन को बड़ी जिम्मेदारी, यूपी अल्पसंख्यक आयोग के सदस्य बने
Etah News: एटा के वरिष्ठ भाजपा नेता संदीप जैन को यूपी अल्पसंख्यक आयोग का सदस्य बनाया गया। नियुक्ति की खबर से समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ी।
Etah News: भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और एटा के पूर्व जिलाध्यक्ष संदीप जैन को उत्तर प्रदेश अल्पसंख्यक आयोग में सदस्य की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है। उत्तर प्रदेश शासन के अल्पसंख्यक कल्याण अनुभाग-4 की ओर से जारी कार्यालय आदेश में संदीप जैन समेत नौ महानुभावों को आयोग में अध्यक्ष/सदस्य के पद पर नामित किया गया है। शासनादेश के अनुसार नियुक्ति की अवधि कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से तीन वर्ष अथवा राज्य सरकार के प्रसाद पर्यन्त, जो भी पहले हो, निर्धारित की गई है।
शासन की ओर से जारी सूची में दूसरे क्रम पर श्री संदीप जैन, पुत्र स्वर्गीय बिट्ठल लाल जैन, निवासी कैलाशगंज चौक, एटा का नाम सदस्य के रूप में दर्ज है। आदेश 8 सितंबर 2026 को जारी किया गया है।
संदीप जैन को आयोग का सदस्य बनाए जाने की खबर मिलते ही परिवार और समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। बताया गया कि वह घर पर आराम कर रहे थे, तभी उन्हें सोशल मीडिया के माध्यम से नियुक्ति की जानकारी मिली। इसके बाद उन्हें बधाई देने के लिए फोन घनघनाने लगे और समर्थकों व परिचितों का घर पहुंचना शुरू हो गया।
संदीप जैन वर्ष 1994 से भाजपा में सक्रिय हैं। उन्होंने अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत भाजपा युवा मोर्चा से की थी। संगठन में विभिन्न जिम्मेदारियां निभाने के बाद उन्होंने वर्ष 2019 से 2025 तक एटा भाजपा जिलाध्यक्ष के रूप में पार्टी की कमान संभाली।
नियुक्ति पर संदीप जैन ने पार्टी नेतृत्व का आभार जताया। उन्होंने कहा कि पार्टी ने जिस लायक समझकर जिम्मेदारी दी है, उसे वह पूरी निष्ठा और लगन से निभाएंगे। उन्होंने कहा कि मुस्लिम, जैन, सिख या ईसाई, सभी समुदायों के लोगों के लिए संविधान और संवैधानिक प्रक्रियाओं के अनुरूप काम करना उनकी प्राथमिकता होगी।
संदीप जैन की नियुक्ति को एटा भाजपा के लिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।


