TRENDING TAGS :
Etah News: एसएसपी ने पुलिस भर्ती प्रक्रिया का किया निरीक्षण, पारदर्शिता और निष्पक्षता पर दिया जोर
Etah News: एटा पुलिस लाइन में चल रही उप निरीक्षक भर्ती-2025 की डीवी/पीएसटी प्रक्रिया का एसएसपी डॉ. इलामारन ने निरीक्षण किया। उन्होंने भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी, निष्पक्ष और शासन की गाइडलाइन के अनुरूप संचालित करने के निर्देश दिए।
Etah News
Etah News: उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा उप निरीक्षक नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 के अंतर्गत पुलिस लाइन एटा में चल रही अभिलेख सत्यापन एवं शारीरिक मानक परीक्षण (डीवी/पीएसटी) प्रक्रिया का मंगलवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. इलामारन जी ने निरीक्षण किया। उन्होंने भर्ती प्रक्रिया की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एसएसपी ने अभ्यर्थियों के दस्तावेजों की जांच, शारीरिक मानक परीक्षण, माप-तौल प्रक्रिया, सुरक्षा व्यवस्था तथा अभ्यर्थियों को उपलब्ध कराई गई मूलभूत सुविधाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि भर्ती प्रक्रिया पूर्णतः पारदर्शी, निष्पक्ष एवं शासन की गाइडलाइन के अनुरूप संपन्न कराई जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही, अनियमितता अथवा भेदभाव की कोई गुंजाइश नहीं होनी चाहिए।उन्होंने कहा कि सभी अभ्यर्थियों के साथ समान व्यवहार सुनिश्चित किया जाए तथा प्रत्येक परीक्षण निर्धारित मानकों के अनुसार ही कराया जाए। भर्ती प्रक्रिया के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने और सुरक्षा संबंधी सभी इंतजामों को भी प्रभावी रखने के निर्देश दिए गए।
गौरतलब है कि पुलिस भर्ती प्रक्रियाओं को लेकर पूर्व में एटा में तथा प्रदेश स्तर पर अनियमितताओं और फर्जीवाड़े के कुछ मामले सामने आ चुके हैं, जिनके बाद भर्ती बोर्ड और पुलिस प्रशासन द्वारा पारदर्शिता तथा निगरानी व्यवस्था को और अधिक मजबूत किया गया है। इसी क्रम में एटा में भी भर्ती प्रक्रिया की प्रत्येक गतिविधि पर विशेष नजर रखी जा रही है।निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पाण्डेय, क्षेत्राधिकारी नगर कीर्तिका सिंह, प्रतिसार निरीक्षक किशनलाल गौतम सहित अन्य अधिकारी एवं पुलिसकर्मी मौजूद रहे।


