Etah News: योग शिविरों का हुआ आयोजन, तनाव और बीमारियों से बचाव का संदेश

Etah News: जलेसर के सीएचसी और आईटीआई में विशेष योग शिविर आयोजित, योग प्रशिक्षक अनिल कुशवाह ने योग को तनाव मुक्ति और स्वस्थ जीवन का प्रभावी माध्यम बताया।

Sunil Mishra
Published on: 18 Jun 2026 6:47 PM IST
Organization of yoga camps, message of prevention from stress and diseases
X

योग शिविरों का हुआ आयोजन, तनाव और बीमारियों से बचाव का संदेश (Photo- Newstrack)

Etah News: आगामी अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के मद्देनजर जलेसर क्षेत्र में योग के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न स्थानों पर विशेष योग शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. अमित गुप्ता के निर्देशन तथा योगा ऑर्बिट फाउंडेशन के सहयोग से नगर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) एवं नूंहखेड़ा रोड स्थित आईटीआई संस्थान में भव्य योग शिविर आयोजित किए गए।

शिविर में राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय के योग प्रशिक्षक अनिल कुमार कुशवाह ने युवाओं, स्वास्थ्य कर्मियों, विद्यार्थियों एवं स्थानीय नागरिकों को विभिन्न योगासन और प्राणायाम का अभ्यास कराया। उन्होंने योग के शारीरिक एवं मानसिक लाभों की विस्तार से जानकारी देते हुए नियमित योगाभ्यास को स्वस्थ जीवन की आधारशिला बताया।

योग से कई गंभीर बीमारियों के खतरे को कम किया जा सकता

योग प्रशिक्षक अनिल कुमार कुशवाह ने कहा कि वर्तमान समय में भागदौड़ भरी जीवनशैली, अनियमित खान-पान और बढ़ते मानसिक तनाव के कारण लोग अनेक शारीरिक एवं मानसिक समस्याओं से ग्रसित हो रहे हैं। ऐसे में योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि संपूर्ण स्वास्थ्य का वैज्ञानिक एवं प्राकृतिक माध्यम है।

उन्होंने बताया कि नियमित योग और प्राणायाम से मधुमेह, थायराइड, उच्च रक्तचाप, कमर दर्द, जोड़ों की समस्याओं सहित कई गंभीर बीमारियों के खतरे को कम किया जा सकता है। साथ ही इससे रोग प्रतिरोधक क्षमता और मानसिक एकाग्रता में भी वृद्धि होती है।

शिविर में उपस्थित प्रतिभागियों ने योग के महत्व को समझते हुए इसे अपनी दैनिक दिनचर्या में शामिल करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में सीएचसी अधीक्षक डॉ. पवन शर्मा, नोडल अधिकारी डॉ. शबनम राजपूत, पुष्पेंद्र मिश्रा, मुनीश वर्मा, अशोक कुमार, कैलाश चंद्र, गजेंद्र सिंह, सूर्य कुमार, अंबिका, शिल्पी, डॉ. शालिनी, डॉ. गौरव, डॉ. वीरेंद्र कुशवाह, आलोक कुमार, सतीश बघेल, सागर सहित बड़ी संख्या में आशा कार्यकर्ता, स्वास्थ्य कर्मी एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Sunil Mishra
ABOUT THE AUTHOR

Sunil Mishra

Next Story