TRENDING TAGS :
Etah News: अग्निवीर परीक्षा में लगातार असफलता के बाद युवक ने फांसी लगाई, परिवार में मातम
Etah News: एटा में अग्निवीर परीक्षा में लगातार असफलता से आहत 27 वर्षीय युवक की मौत, पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी की।
Etah News: एटा उत्तर प्रदेश के एटा जिले के मारहरा थाना क्षेत्र स्थित मोहल्ला कायस्थान में अग्नि वीर परीक्षा में लगातार मिल रही असफलता से निराश होकर एक 27 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस दर्दनाक घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
मृतक की पहचान सचिन उर्फ जयप्रकाश (27 वर्ष) पुत्र झाब्बली के रूप में हुई है। घटना की जानकारी तब हुई जब बुधवार दोपहर सचिन की चाची लता कमरे में गईं और उसे फंदे से लटका देखा। इसके बाद उन्होंने तुरंत परिजनों को सूचना दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सचिन पिछले दो सालों से भारतीय सेना में शामिल होने के लिए अग्निवीर की परीक्षा की तैयारी कर रहा था और लगातार परीक्षा दे रहा था। बार-बार प्रयास करने के बावजूद सफलता न मिलने के कारण वह काफी समय से आहत और मानसिक तनाव में था, जिसके चलते उसने यह आत्मघाती कदम उठाया। उसके बड़े भाई मनोज ने बताया कि सचिन अग्निवीर के साथ-साथ यूपीएससी (UPSC) की भी तैयारी कर रहा था।
घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को फंदे से उतारकर पंचायतनामा की कार्रवाई शुरू की। हालांकि, परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से साफ इनकार कर दिया।
सेना और पुलिस से जुड़ा है परिवार:
आपको बताते चलें सचिन का परिवार देश सेवा से गहराई से जुड़ा हुआ है। उसके पिता भारतीय सेना से सेवानिवृत्त हैं, जबकि उसका बड़ा भाई संजय वर्तमान में भारतीय सेना में सेवारत है। इसके अलावा उसके चाचा रोहन सिंह उत्तर प्रदेश पुलिस में सब इंस्पेक्टर के पद पर तैनात हैं और छोटे चाचा चंद्रपाल पुलिस कांस्टेबल के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। परिवार के इस सैन्य और पुलिस पृष्ठभूमि के बावजूद युवक की असफलता से उपजी निराशा ने उसकी जान ले ली।


