TRENDING TAGS :
Etah News: एटा में शादी का सामान लेकर लौट रहे युवक की सड़क हादसे में मौत, साथी गंभीर घायल
Etah News : एटा में भतीजी की शादी का सामान लेकर लौट रहे युवक की कैंटर की टक्कर से मौत, साथी गंभीर रूप से घायल।
Etah News
Etah News: जनपद एटा में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने शादी वाले घर की खुशियों को पल भर में मातम में बदल दिया। भतीजी की शादी का सामान खरीदकर लौट रहे एक 19 वर्षीय युवक की तेज रफ्तार कैंटर की टक्कर से मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके साथ बाइक पर सवार एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, कोतवाली देहात क्षेत्र के गंज रोड स्थित गांव गदनपुर के समीप नगला पवल निवासी अर्जुन (19) पुत्र राधेश्याम अपने एक साथी के साथ बाइक से भतीजी की शादी का सामान लेकर घर लौट रहा था। इसी दौरान सामने से आए तेज रफ्तार कैंटर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि अर्जुन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया।हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर एकत्र हो गई। सूचना पर पहुंची कोतवाली देहात पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं घायल युवक को उपचार के लिए एटा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद कैंटर चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।बताया जा रहा है कि परिवार में जल्द ही भतीजी की शादी होने वाली थी और अर्जुन उसी की तैयारियों के लिए बाजार गया था। लेकिन घर लौटते समय हुए इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। शादी वाले घर में जहां खुशियों का माहौल था, वहां अब मातम पसरा हुआ है।प्रभारी निरीक्षक कोतवाली देहात सजय राघव ने घटना की रिपोर्ट दर्ज कर फरार कैंटर चालक की तलाश शुरू कर दी है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।


