TRENDING TAGS :
Etah News: साहब! मेरे बच्चों की भी हत्या हो सकती है, फरार आरोपियों की धमकी से दहशत में परिवार
Etah News: एटा के जलेसर में वृद्ध की हत्या के मामले में पीड़ित परिवार ने फरार आरोपियों से मिल रही धमकियों का आरोप लगाते हुए एडीजी से सुरक्षा और जल्द गिरफ्तारी की मांग की।
साहब! मेरे बच्चों की भी हत्या हो सकती है, फरार आरोपियों की धमकी से दहशत में परिवार (Photo- Newstrack)
Etah News: उत्तर प्रदेश के एटा जनपद के थाना जलेसर कोतवाली क्षेत्र के गांव पुन्हेरा में दिनदहाड़े हुई वृद्ध अमर सिंह की हत्या के मामले में मृतक की पत्नी राजवती ने शनिवार को अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) आगरा जोन से मुलाकात कर न्याय, सुरक्षा और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी की गुहार लगाई। पीड़िता ने एडीजी को दिए शिकायती पत्र में आरोप लगाया कि हत्या के मुकदमे में नामजद पांच अभियुक्त अब भी खुलेआम घूम रहे हैं और लगातार मुकदमा वापस लेने का दबाव बना रहे हैं। विरोध करने पर पूरे परिवार की हत्या की धमकी दी जा रही है, जिससे परिवार भय और असुरक्षा के माहौल में जीने को मजबूर है।
राजवती ने एडीजी को बताया कि 22 जून 2026 की सुबह उनके पति अमर सिंह की गांव पुन्हेरा स्थित घर में घुसकर निर्मम हत्या कर दी गई थी। इस संबंध में थाना जलेसर में एफआईआर संख्या 0260/2026 हत्या समेत गंभीर धाराओं में आठ नामजद आरोपियों के विरुद्ध दर्ज की गई। पुलिस ने उसी दिन एएसपी इलामारन जि के निर्देश पर तीन आरोपियों, पुष्पेंद्र कुमार उर्फ पिंकी, प्रेमवीर और भरत सिंह को गिरफ्तार कर लिया था, लेकिन शेष पांच आरोपी अब भी फरार हैं।
पीड़िता का आरोप है कि फरार आरोपी बलदेव पुत्र यादराम समेत अन्य लोग अपराधी किस्म के हैं जो लगातार घर आकर मुकदमा वापस लेने का दबाव बना रहे हैं। ऐसा न करने पर उन्हें और उनके बच्चों को जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं। उन्होंने आशंका जताई कि यदि समय रहते पुलिस ने कार्रवाई नहीं की तो उनके परिवार के साथ भी कोई बड़ी घटना हो सकती है।
पुलिस समय पर कार्रवाई करती तो पति की जान बच सकती थी
राजवती ने एडीजी को बताया कि हत्या से एक दिन पहले 21 जून 2026 को आरोपियों ने उनके घर में घुसकर मारपीट, तोड़फोड़ और चोरी की थी। इस संबंध में उन्होंने उसी दिन थाना प्रभारी जलेसर संजय कुमार राघव को लिखित तहरीर दी थी, लेकिन पुलिस ने कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की। उनका कहना है कि यदि उस शिकायत पर समय रहते कार्रवाई होती तो संभवतः उनके पति की हत्या जैसी दुखद घटना नहीं होती।
पांच दिन बाद भी फरार आरोपी गिरफ्त से बाहर
पीड़िता ने शिकायत में कहा कि हत्या का मुकदमा दर्ज हुए लगभग पांच दिन बीत चुके हैं, लेकिन पांचों नामजद आरोपी अब भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। खुलेआम घूम रहे आरोपी लगातार परिवार को धमका रहे हैं, जिससे परिवार के सभी सदस्य दहशत में हैं और उन्हें अपनी जान-माल का गंभीर खतरा बना हुआ है।
कार्रवाई न करने के दोषी पुलिसकर्मियों की जांच की भी मांग
राजवती ने एडीजी से मांग की कि हत्या से पूर्व दी गई शिकायत पर कार्रवाई न करने के मामले में तत्कालीन थाना प्रभारी एवं संबंधित पुलिस अधिकारियों की भूमिका की निष्पक्ष जांच कराई जाए। यदि किसी स्तर पर लापरवाही या कर्तव्य में शिथिलता पाई जाती है तो दोषी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध भी विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई की जाए।
एडीजी से की ये प्रमुख मांगें
पीड़िता ने अपर पुलिस महानिदेशक आगरा जोन से सभी फरार अभियुक्तों की तत्काल गिरफ्तारी, मुकदमा वापस लेने का दबाव बनाने और जान से मारने की धमकी देने वाले आरोपियों के विरुद्ध अलग से मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई तथा स्वयं और अपने परिवार को तत्काल पुलिस सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।
पीड़ित परिवार का कहना है कि उन्हें न्याय तभी मिलेगा जब फरार आरोपी गिरफ्तार होंगे और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी। वहीं अब इस मामले में एडीजी से मुलाकात के बाद पुलिस की आगे की कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।


