Etah News: चर्चित गदनपुर हत्याकांड में बड़ा एक्शन, दो फरार आरोपियों पर 15-15 हजार का इनाम घोषित

Etah News: गदनपुर हत्याकांड में फरार रोहित और मोहित पर एसएसपी ने 15-15 हजार का इनाम घोषित किया, पीड़ित परिवार लगातार गिरफ्तारी की मांग कर रहा था।

Sunil Mishra
Published on: 19 May 2026 4:48 PM IST
Reward of Rs 15-15 thousand announced for two absconding accused in Gadanpur murder case
X

चर्चित गदनपुर हत्याकांड में बड़ा एक्शन, दो फरार आरोपियों पर 15-15 हजार का इनाम घोषित (Photo- Social Media)

Etah News: एटा जनपद के थाना कोतवाली देहात क्षेत्र के ग्राम गदनपुर में हुए बहुचर्चित हत्याकांड में पुलिस प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. इलामारन ने फरार चल रहे दो मुख्य वांछित आरोपियों पर 15-15 हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया है। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है और दोनों आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है।

मोबाइल से मैसेज कर घर बुलाने के बाद की गई थी हत्या

जानकारी के मुताबिक ग्राम गदनपुर पोस्ट वसुंधरा निवासी पवन कुमार की कथित तौर पर आरोपियों ने घर बुलाकर बेरहमी से हत्या कर दी थी। इस सनसनीखेज वारदात के बाद थाना कोतवाली देहात में मुकदमा अपराध संख्या 163/2026 दर्ज किया गया था। मामले में कुल आठ लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया था।

पुलिस अब तक इस मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है, जबकि तीन आरोपी लगातार फरार चल रहे थे। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर लगातार दबाव बढ़ रहा था और पीड़ित परिवार भी कार्रवाई की मांग कर रहा था।

इन दो आरोपियों पर घोषित हुआ इनाम

पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि फरार आरोपी रोहित पुत्र रविन्द्र निवासी ग्राम गदनपुर थाना कोतवाली देहात एटा और मोहित पुत्र प्रमोद कुमार निवासी ग्राम गदनपुर थाना कोतवाली देहात एटा की गिरफ्तारी पर 15-15 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है।

दोनों आरोपी मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता की धारा 191(2) और 140(1) बीएनएस के तहत वांछित बताए गए हैं। पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपी लगातार गिरफ्तारी से बचने की कोशिश कर रहे हैं और अब तक उन्होंने अदालत में आत्मसमर्पण भी नहीं किया है।

पीड़ित परिवार लगातार कर रहा था कार्रवाई की मांग

मृतक पवन कुमार के परिजन बीते कई दिनों से फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और इनाम घोषित किए जाने की मांग कर रहे थे। मृतक की पत्नी लक्ष्मी और बहन लता यादव ने इस संबंध में दो बार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. इलामारन से मुलाकात कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की थी।

परिजनों का कहना था कि फरार आरोपी लगातार उन्हें जान से मारने की धमकियां दे रहे हैं। परिवार ने स्थानीय थाना पुलिस पर भी गंभीर आरोप लगाए थे। उनका कहना था कि आरोपियों को संरक्षण दिया जा रहा है और उनके खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही थी।

एसएसपी के निर्देश के बाद तेज हुई कार्रवाई

पीड़ित परिवार की लगातार शिकायतों और मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी एटा ने तत्काल प्रभाव से दोनों फरार आरोपियों पर इनाम घोषित करने के निर्देश जारी किए। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश में दबिश बढ़ा दी है।

फिलहाल पुलिस की टीमें दोनों नामजद इनामी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा।

Shashi kant gautam

Shashi kant gautam

Mail ID - skgautam1208@gmail.com

Next Story