TRENDING TAGS :
Etah News: लग्न की रस्म में अचानक बिगड़ी दूल्हे की तबीयत, दुल्हन बोली पहले हैल्थ रिपोर्ट लाओ
Etah News: एटा में शादी की रस्म के दौरान दूल्हे की अचानक तबीयत बिगड़ गई। इस पर दुल्हन पक्ष ने शादी से पहले स्वास्थ्य रिपोर्ट की मांग कर दी, जिससे मामला चर्चा में आ गया।
Etah News(Photo-Social Media)
Etah News: उत्तर प्रदेश के एटा जनपद में एक शादी समारोह उस समय चर्चा का विषय बन गया, जब लग्न की रस्मों के दौरान दूल्हे की अचानक तबीयत बिगड़ गई और बाद में दुल्हन पक्ष ने शादी करने से साफ इनकार कर दिया। मामला थाना सकीट क्षेत्र का है, जहां पूरी रात पंचायत और समझौते के प्रयास चलते रहे, लेकिन अंततः बारात बिना दुल्हन के लौट गई।
जानकारी के अनुसार कोतवाली देहात क्षेत्र के गांव कठोली निवासी युवक का रिश्ता सकीट ब्लॉक के ग्राम नगला फुले निवासी विजय सिंह की पुत्री से तय हुआ था। रविवार शाम सकीट स्थित मां राजेश्वरी गेस्ट हाउस में बारात पहुंची थी। शादी की रस्में शुरू होने के दौरान अचानक दूल्हा कुर्सी पर ठीक से बैठ नहीं पाया और नीचे गिर पड़ा। घटना के बाद समारोह में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मौके पर मौजूद लोगों ने दूल्हे को संभालने का प्रयास किया। किसी ने पानी पिलाया तो कुछ लोग डॉक्टर बुलाने की बात करने लगे। शुरुआत में लोगों ने इसे घबराहट माना, लेकिन दुल्हन पक्ष ने दूल्हे की स्वास्थ्य स्थिति को लेकर सवाल उठाने शुरू कर दिए। दुल्हन की मां ने आरोप लगाया कि लड़के पक्ष ने दूल्हे की बीमारी की जानकारी पहले से छिपाई थी।
इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी बढ़ गई। आरोप है कि विवाद के दौरान लड़के पक्ष ने दुल्हन पक्ष के दो लोगों को थाने तक पहुंचा दिया। रातभर दोनों पक्षों के बीच पंचायत और समझौते के प्रयास चलते रहे, लेकिन दुल्हन और उसके परिजन शादी न करने के फैसले पर अड़े रहे।
आखिरकार दुल्हन पक्ष ने शादी से इनकार कर दिया, जिसके बाद बारात बिना दुल्हन के वापस लौट गई। पूरे क्षेत्र में यह मामला चर्चा का विषय बना रहा। थानाध्यक्ष विदेश राठी ने बताया कि मामले में अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है। और पूरी घटना मेरे संज्ञान में नहीं है दोनों पक्षों को थाने बुलाया गया है शिकायत मिलने पर जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।


