Etah News: हापुड़ में दिनदहाड़े दबंगई! जनरल स्टोर में घुसकर मारपीट, नकदी लेकर फरार

Etah News: हापुड़ के कोतवाली नगर क्षेत्र में एक जनरल स्टोर संचालक ने तीन युवकों पर दुकान में घुसकर मारपीट, तोड़फोड़ और 3100 रुपये लूटने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर दी है। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद बताई जा रही है।

Sunil Mishra
Published on: 18 Jun 2026 10:43 PM IST
Etah News:  हापुड़ में दिनदहाड़े दबंगई! जनरल स्टोर में घुसकर मारपीट, नकदी लेकर फरार
X

Etah News: जनपद के थाना कोतवाली नगर क्षेत्र के अवंतीबाई नगर निवासी एक युवक ने तीन लोगों पर उसकी जनरल स्टोर की दुकान में घुसकर मारपीट, तोड़फोड़ और नकदी लूटने का आरोप लगाते हुए कोतवाली नगर पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित का कहना है कि पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है।

कोतवाली नगर प्रभारी को दी गई तहरीर के अनुसार अवंतीबाई नगर निवासी मुनेश कुमार पुत्र चरण सिंह ने बताया कि 18 जून 2026 की शाम करीब 6:15 बजे वह अपने घर में स्थित जनरल स्टोर की दुकान पर मौजूद था। इसी दौरान तीन युवक उसकी दुकान में घुस आए। आरोप है कि उनमें से दो युवकों ने दुकान के गल्ले में रखे लगभग 3,100 रुपये निकाल लिए।

जब मुनेश कुमार ने इसका विरोध किया तो आरोपितों ने उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और लाठी-डंडों से मारपीट कर दी। इतना ही नहीं, आरोपितों ने दुकान में तोड़फोड़ भी की, जिससे सामान और प्रतिष्ठान को नुकसान पहुंचा।

पीड़ित के अनुसार शोर-शराबा सुनकर उसकी मां और पत्नी घर से बाहर निकलकर दुकान पर पहुंच गईं। इस बीच आसपास के लोग भी मौके पर एकत्र हो गए। लोगों को आता देख आरोपित जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।

तहरीर में कहा गया है कि पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हुई है। पीड़ित ने बताया कि उसने घटना की सूचना शाम करीब 7:03 बजे डायल 112 पर दी, जिसके बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची।

मुनेश कुमार ने पुलिस से मामले की रिपोर्ट दर्ज कर आरोपितों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। वहीं कोतवाली नगर इंस्पेक्टर क्राइम अजब सिंह का कहना है कि प्राप्त शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Sunil Mishra
ABOUT THE AUTHOR

Sunil Mishra

Next Story