TRENDING TAGS :
Etah News: जैथरा के ललहट में अंबेडकर प्रतिमा क्षतिग्रस्त, तीन साल में तीसरी घटना से भड़का आक्रोश
Etah News: जैथरा के ललहट गांव में अंबेडकर प्रतिमा क्षतिग्रस्त, तीन साल में तीसरी घटना से ग्रामीणों में आक्रोश।
Etah News: उत्तर प्रदेश के एटा जिले में थाना जैथरा क्षेत्र के ग्राम ललहट में सोमवार तड़के संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा क्षतिग्रस्त मिलने से ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। तीन साल के भीतर इसी प्रतिमा को नुकसान पहुंचाए जाने की यह तीसरी घटना बताई जा रही है। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर नाराजगी जताई।
ग्रामीणों के अनुसार गांव के बाहर स्थापित प्रतिमा के कुछ हिस्से क्षतिग्रस्त मिले। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया। एहतियात के तौर पर गांव में पुलिस बल तैनात किया गया है।
ग्रामीण विकास कुमार ने बताया कि इससे पहले भी प्रतिमा को क्षतिग्रस्त किए जाने की घटनाएं हो चुकी हैं और अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। लगातार तीसरी घटना होने से ग्रामीणों में पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं। ग्रामीणों ने प्रतिमा की तत्काल मरम्मत कराने के साथ उसके चारों ओर मजबूत लोहे की ग्रिल लगाने और स्थायी सुरक्षा व्यवस्था किए जाने की मांग की है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एटा डॉ. इलामारन जी ने कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा से छेड़छाड़ करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरती जाएगी और घटना में शामिल लोगों को बख्शा नहीं जाएगा। थानाध्यक्ष जैथरा सुनील कुमार ने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस आसपास की गतिविधियों, उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज और संदिग्ध लोगों के संबंध में जानकारी जुटा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। गांव में फिलहाल पुलिस बल तैनात है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है।


