Etah News: जलेसर में अवैध खनन माफियाओं पर बड़ी कार्रवाई, चार माफिया गिरफ्तार

Etah News: जलेसर में अवैध खनन के खिलाफ प्रशासन की बड़ी कार्रवाई में चार आरोपी गिरफ्तार हुए। वीआईपी बत्ती लगाकर चलने वाली स्कॉर्पियो भी पुलिस ने पकड़ी।

Sunil Mishra
Published on: 7 Jun 2026 7:52 PM IST
Massive crackdown on illegal mining mafias in Jalesar, four mafias arrested
X

जलेसर में अवैध खनन माफियाओं पर बड़ी कार्रवाई, चार माफिया गिरफ्तार (Photo- Newstrack)

Etah News: एटा। जनपद एटा के थाना जलेसर क्षेत्र में अवैध खनन के खिलाफ प्रशासन और पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार कथित खनन माफियाओं को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान एक नीली स्कॉर्पियो गाड़ी भी बरामद की गई, जिस पर पूर्व में सरकारी वीआईपी बत्ती लगाकर चलने की बात सामने आई है जिसका वीडियो भी वायरल हो रहा है।

जानकारी के अनुसार शनिवार रात थाना जलेसर क्षेत्र के गांव नूंहखेड़ा में जेसीबी और ट्रैक्टर-ट्रालियों के माध्यम से अवैध खनन की सूचना मिलने पर प्रशासन ने छापेमारी की। मौके से कथित खनन गतिविधियों में शामिल लोगों को पकड़ा गया और उन्हें पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।

चार लोग गिरफ्तार

सूत्रों के मुताबिक पकड़े गए लोगों में विशाल यादव पुत्र गुलाब यादव निवासी दौलतपुर, जनपद फिरोजाबाद और सौरभ यादव पुत्र सर्वेश यादव निवासी नगला कनौती मंडनपुर, जनपद फिरोजाबाद के नाम सामने आए हैं। हालांकि पुलिस अधिकारियों के अनुसार कुल चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि आधिकारिक रूप से दो नामों की पुष्टि हुई है।

क्षेत्राधिकारी जलेसर ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपी पहले से वांछित चल रहे थे और उन्हें स्कॉर्पियो वाहन के साथ पकड़ा गया है। उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में इसी वाहन पर सरकारी वीआईपी बत्ती लगाए जाने की बात सामने आई थी, हालांकि गिरफ्तारी के समय वाहन से कोई बत्ती या लाइट बरामद नहीं हुई।

अवैध खनन को लेकर पुलिस की कार्रवाई

गौरतलब है कि क्षेत्र में अवैध खनन को लेकर पहले भी गंभीर घटनाएं सामने आ चुकी हैं। दो वर्ष पूर्व सकरौली थाना क्षेत्र के गांव बाकलपुर में अवैध खनन से बने गहरे गड्ढे में दबकर दो मासूम बच्चों की मौत हो गई थी। ऐसे में एक बार फिर अवैध खनन की गतिविधियों के सामने आने से प्रशासन की सख्ती और कार्रवाई पर नजरें टिक गई हैं। अब देखना होगा कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ प्रशासन कितनी कठोर कानूनी कार्रवाई करता है।

Sunil Mishra
ABOUT THE AUTHOR

Sunil Mishra

Next Story