Etah News : साढ़े चार साल बाद भी अधूरा जलेसर रोडवेज डिपो, अगस्त में लोकार्पण की उम्मीद

Etah News : 7.47 करोड़ की लागत से बन रहा जलेसर रोडवेज डिपो साढ़े चार साल बाद भी अधूरा, डीजल चैम्बर पूरा होते ही शुरू होगा संचालन।

Sunil Mishra
Published on: 8 Jun 2026 7:48 PM IST
Etah News :  साढ़े चार साल बाद भी अधूरा जलेसर रोडवेज डिपो, अगस्त में लोकार्पण की उम्मीद
X

 Etah News

Etah News : एटा उत्तर प्रदेश के एटा जनपद के जलेसर तहसील क्षेत्र में घुंघरू नगरी जलेसर को मिली रोडवेज बस डिपो की सौगात साढ़े चार साल बाद भी उद्घघाटन के इंतजार में हैं रोडवेज बस स्टैंड की तस्वीर पूरी तरह जमीन पर नहीं उतर सकी है। करीब 7.47 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन जलेसर रोडवेज बस डिपो और कार्यशाला का निर्माण कार्य अब तक पूरा नहीं हो पाया है। निर्माण की धीमी रफ्तार ने लोगों के बीच सवाल खड़े कर दिए हैं और परियोजना पर "सब दिन चले अढ़ाई कोस" वाली कहावत चरितार्थ होती नजर आ रही है।

आपको बताते चलें जलेसर-आगरा रोड स्थित गांव गुदाऊ के निकट 7 जनवरी 2022 को विधानसभा चुनाव से पहले डिपो और कार्यशाला निर्माण का शिलान्यास बड़े स्तर पर किया गया था। उस समय दावा किया गया था कि दो वर्ष के भीतर निर्माण पूरा कर संचालन शुरू कर दिया जाएगा, लेकिन साढ़े चार साल बाद भी परियोजना पूरी नहीं हो सकी।हालांकि, अधिकारियों के अनुसार अब निर्माण कार्य अंतिम चरण में पहुंच चुका है। लगभग 90 प्रतिशत से अधिक काम पूरा हो चुका है और कार्यशाला में डीजल चैम्बर निर्माण तेजी से कराया जा रहा है।

दिलचस्प बात यह है कि नगर के तोप चौराहे के निकट रोडवेज बस स्टेशन का नया भवन लगभग एक साल पहले बनकर तैयार हो चुका है, लेकिन डिपो का निर्माण पूरा न होने के कारण नया बस स्टेशन अभी तक बसों के संचालन का इंतजार कर रहा है।उत्तर प्रदेश परिवहन निगम के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक एटा नरेश गुप्ता ने बताया कि डीजल चैम्बर का कार्य तेज गति से चल रहा है और अगले एक माह में इसके पूरा होने की संभावना है। उन्होंने बताया कि जुलाई के अंतिम सप्ताह या अगस्त माह तक जलेसर रोडवेज डिपो का लोकार्पण किए जाने की उम्मीद है।अब लोगों की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि वर्षों से प्रतीक्षित रोडवेज डिपो आखिर कब तक आम जनता को सुविधा देना शुरू करेगा।

Sunil Mishra
ABOUT THE AUTHOR

Sunil Mishra

Next Story