TRENDING TAGS :
Etah News: जेवर साफ करने का झांसा देकर मां-बेटी को नशीला पदार्थ सुंघाया, लाखों के आभूषण लेकर फरार
Etah News: एटा के सकरौली क्षेत्र में दो युवक जेवर साफ करने का झांसा देकर महिला और उनकी बेटी के आभूषण लेकर फरार हो गए। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जेवर साफ करने का झांसा देकर मां-बेटी को नशीला पदार्थ सुंघाया, लाखों के आभूषण लेकर फरार (Photo- Social Media)
Etah News: जनपद के थाना सकरौली क्षेत्र में ठगी की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। गांव काजीपुर बदनपुर में बाइक सवार दो युवकों ने जेवर साफ करने का झांसा देकर मां-बेटी को नशीला पदार्थ सुंघा दिया और उनके सोने-चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पीड़ित परिवार की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, रविवार दोपहर करीब दो बजे गांव काजीपुर बदनपुर निवासी राजन सिंह के घर दो युवक बाइक से पहुंचे। उस समय घर में केवल उनकी पत्नी विमलेश देवी (50) और बेटी विनीता (22) मौजूद थीं। दोनों युवकों ने स्वयं को जेवर साफ करने वाला पाउडर बेचने वाला बताते हुए महिलाओं को आभूषण चमकाने का लालच दिया।
मां-बेटी के बेहोश होते ही ठग जेवरात समेटकर मौके से फरार
युवकों की बातों में आकर मां-बेटी ने अपने कानों के कुंडल, झुमकी, नथ, लॉन्ग सहित अन्य आभूषण उन्हें साफ करने के लिए दे दिए। इसी दौरान आरोपियों ने कथित रूप से दोनों को नशीला पदार्थ सुंघा दिया, जिससे वे बेहोश हो गईं। मां-बेटी के बेहोश होते ही दोनों ठग जेवरात समेटकर मौके से फरार हो गए।
करीब 15 से 20 मिनट बाद जब दोनों को होश आया तो उन्होंने अपने आभूषण और दोनों युवकों को तलाशने का प्रयास किया, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार के अन्य सदस्य घर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी गई।
मुकदमा दर्ज
थाना प्रभारी निरीक्षक नित्यानंद पाण्डेय ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अज्ञात व्यक्तियों के बहकावे में आकर अपने कीमती आभूषण या अन्य सामान किसी को न सौंपें तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति की सूचना तत्काल पुलिस को दें।


