TRENDING TAGS :
Etah News: शराब कांड में दो दोस्तों की मौत, एक जिंदगी और मौत से जूझ रहा, हत्या का आरोप
Etah News: एटा के अवागढ़ क्षेत्र में शराब पीने के बाद तीन दोस्तों की तबीयत बिगड़ी, दो की मौत हुई जबकि तीसरा गंभीर है, परिजनों ने जहर देकर हत्या का आरोप लगाया।
शराब कांड में दो दोस्तों की मौत, एक जिंदगी और मौत से जूझ रहा, हत्या का आरोप (Photo- Newstrack)
Etah News: एटा उत्तर प्रदेश के एटा जनपद के अवागढ़ थाना क्षेत्र के मीसा कलां गांव में आज साढ़े सात बजे शराब पीने के बाद तीन लोगों की अचानक तबीयत बिगड़ने से हड़कंप मच गया। इस घटना में दो लोगों की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि तीसरे की हालत गंभीर बनी हुई है। मामले में परिजनों ने पुरानी रंजिश के चलते शराब में जहर मिलाकर हत्या करने का आरोप लगाया है, जिसके बाद पुलिस कई पहलुओं पर जांच में जुट गई है।
राकेश और नरसिंह पाल की मौत रंजीत की हालत नाजुक
जानकारी के अनुसार मीसा कलां गांव निवासी राकेश (45), नरसिंह पाल (59) और रंजीत (35) तीनों दोस्त थे मिलकर एक साथ बैठकर शराब पी रहे थे। शराब पीने के कुछ देर बाद ही तीनों की तबीयत बिगड़ने लगी और हालत गंभीर होने पर परिजन उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे। इलाज के दौरान राकेश और नरसिंह पाल की मौत हो गई, जबकि रंजीत की हालत नाजुक बताई जा रही है और उसका उपचार जारी है।
परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
घटना के बाद मृतकों के परिजनों ने मामले में गंभीर आरोप लगाए हैं। मृतक नरसिंह पाल की पत्नी शांति देवी ने आरोप लगाया कि राकेश उनके पति को जबरन शराब पिलाने के लिए ले गया था। वहीं मृतक के बेटे ने शराब में जहर मिलाकर हत्या किए जाने की आशंका जताई है। परिजनों का कहना है कि परिवार की पुरानी रंजिश चली आ रही थी और पहले भी परिवार में एक हत्या हो चुकी है। बताया जा रहा है कि उस मामले में 11 जून को कोर्ट का फैसला आना था।
दूसरी ओर, मृतक राकेश के परिजनों का कहना है कि तीनों ने मिलकर शराब खरीदी थी और उसके सेवन के बाद यह घटना हुई। हालांकि शराब कहां से खरीदी गई, इसे लेकर स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना पर अवागढ़ थाना प्रभारी अखिलेश दीक्षित पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पाण्डेय ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला शराब पीने के बाद तबीयत बिगड़ने का सामने आया है, लेकिन सभी पहलुओं की जांच कराई जा रही है। यह पता लगाया जाएगा कि शराब जहरीली थी या फिर आरोपों के अनुसार उसमें कोई जहरीला पदार्थ मिलाया गया था।शराब कहां से खरीदी गयी थी पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद गांव में दहशत और तनाव का माहौल बना हुआ है, जबकि पुलिस पूरे मामले की गहनता से पड़ताल कर रही है।


