Etah News: सामूहिक विवाह समारोह, 263 जोड़ों ने थामा एक-दूजे का हाथ

Etah News: जीआईसी मैदान में 249 हिंदू जोड़ों का विवाह और 14 मुस्लिम जोड़ों का निकाह हुआ। योजना के तहत प्रत्येक नवदंपती को एक लाख रुपये की सहायता मिलेगी।

Sunil Mishra
Published on: 21 Nov 2026 10:16 PM IST
Mass marriage ceremony
X

सामूहिक विवाह समारोह, 263 जोड़ों ने थामा एक-दूजे का हाथ (Photo- Newstrack)

Etah News: सकीट रोड स्थित जीआईसी मैदान शनिवार को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत आयोजित समारोह में 263 जोड़ों के वैवाहिक जीवन की नई शुरुआत का साक्षी बना। समारोह में 249 हिंदू जोड़ों का विवाह वैदिक मंत्रोच्चार के बीच संपन्न कराया गया, जबकि 14 मुस्लिम जोड़ों का इस्लामिक रीति-रिवाज के अनुसार निकाह हुआ।

जिलाधिकारी एम. अरुन्मोली सुबह ही कार्यक्रम स्थल पहुंचीं और पंजीकरण, बैठने, खानपान तथा वर-वधुओं को दी जाने वाली उपहार सामग्री की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी वर-वधू या उनके परिजन को असुविधा न हो और सभी पात्र जोड़ों को शासन द्वारा निर्धारित सुविधाएं एवं उपहार सामग्री व्यवस्थित ढंग से उपलब्ध कराई जाए।

जिलाधिकारी ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखद एवं समृद्ध दांपत्य जीवन की कामना की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए महत्वपूर्ण सहारा है। योजना के माध्यम से गरीब परिवार अपनी बेटियों का विवाह बिना आर्थिक बोझ और दहेज के सम्मानजनक तरीके से करा सकते हैं।

मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र प्रसाद मिश्रा ने भी अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ व्यवस्थाओं का समन्वय करते हुए कार्यक्रम को सुचारु रूप से संपन्न कराया। हिंदू जोड़ों के लिए अलग-अलग वेदी और पंडितों की व्यवस्था की गई थी, जबकि मुस्लिम जोड़ों का निकाह काजी ने धार्मिक परंपराओं के अनुसार कराया।

योजना के तहत प्रत्येक नवदंपती के लिए एक लाख रुपये की सहायता का प्रावधान है। इसमें 64 हजार रुपये सीधे लाभार्थी के बैंक खाते में दिए जाते हैं। शेष धनराशि से गृहस्थी का सामान उपलब्ध कराया जाता है, जिसमें साड़ी, कपड़े, ब्लाउज, पेटीकोट, कंबल, गद्दे और रोजमर्रा के उपयोग की अन्य सामग्री शामिल है। समारोह में नवदंपतियों और उनके परिजनों के लिए भोजन, पेयजल तथा लंच पैकेट की भी व्यवस्था की गई।

समारोह में अपर जिलाधिकारी न्यायिक रमेश मौर्य, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनुपम अवस्थी, जिला समाज कल्याण अधिकारी सत्यम त्रिपाठी, सभी खंड विकास अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Sunil Mishra
ABOUT THE AUTHOR

Sunil Mishra

वरिष्ठ संवाददाता, एटाetahsunilmishra@newstracksite.vocalwire.com
Next Story