Etah News: भव्य कलश यात्रा संग नगला राधे में भागवत कथा शुरू

Etah News: नगला राधे में भव्य कलश यात्रा के साथ श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ हुआ। श्रद्धालुओं ने जयघोषों के बीच उत्साहपूर्वक भाग लिया।

Sunil Mishra
Published on: 24 May 2026 5:50 PM IST
Etah News
X

Etah News (Social Media) (1).jpg

Etah News: जनपद की तहसील जलेसर क्षेत्र के गांव नगला राधे में रविवार को श्रद्धा, भक्ति और धार्मिक उल्लास के वातावरण के बीच श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ हुआ। कथा आरंभ होने से पूर्व राधे-राधे युवा कमेटी के तत्वावधान में भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं, युवाओं एवं श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कलश यात्रा वृंदावन के प्रसिद्ध भागवताचार्य सौनेन्द्र कृष्ण शास्त्री जी महाराज के सानिध्य में संपन्न हुई। सिर पर कलश धारण किए महिलाएं एवं श्रद्धालु बैंड-बाजों और धार्मिक धुनों के साथ गांव के प्रमुख मार्गों से होकर कथा स्थल तक पहुंचे। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं द्वारा "राधे-राधे" और "जय श्री राधे-श्याम" के जयघोष लगाए गए, जिससे पूरा गांव भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया।

कथा स्थल पर पहुंचने के बाद वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना संपन्न कराई गई। इसके उपरांत श्रीमद्भागवत कथा के प्रथम दिवस भागवताचार्य सौनेन्द्र कृष्ण शास्त्री जी महाराज ने श्रीमद्भागवत महापुराण के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण मानव जीवन को आध्यात्मिक ऊर्जा प्रदान करता है तथा व्यक्ति को धर्म, सत्य और सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।

उन्होंने बताया कि भगवान की कथा सुनने एवं कराने से मनुष्य को पुण्य की प्राप्ति होती है तथा जीवन के कष्टों का निवारण होता है। कथा के दौरान श्रद्धालु भाव-विभोर होकर भगवान की महिमा का श्रवण करते रहे।

आयोजकों ने बताया कि कथा के आगामी दिनों में भगवान श्रीकृष्ण की विभिन्न लीलाओं एवं धर्म, भक्ति तथा संस्कृति से जुड़े प्रसंगों का विस्तार से वर्णन किया जाएगा। उन्होंने क्षेत्र के श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कथा श्रवण कर धर्म लाभ प्राप्त करने की अपील की है। कार्यक्रम को लेकर गांव एवं आसपास के क्षेत्रों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।

Ramkrishna Vajpei

Ramkrishna Vajpei

Mail ID - rkvajpei@gmail.com

An innovative journalist with great ideas

Next Story