TRENDING TAGS :
Etah News: एटा में नकल माफियाओं पर बड़ा एक्शन, 5 कॉलेज डिबार किए गए
Etah News: एटा में सेमेस्टर परीक्षाओं में नकल और अनियमितताओं पर विश्वविद्यालय सख्त हुआ। 5 कॉलेज डिबार किए गए, 25 संस्थानों को चेतावनी जारी हुई।
एटा में नकल माफियाओं पर बड़ा एक्शन, 5 कॉलेज डिबार किए गए (Photo- Newstrack)
Etah News: एटा। राजा महेंद्र प्रताप सिंह राज्य विश्वविद्यालय, अलीगढ़ से संबद्ध कॉलेजों में चल रही सेमेस्टर परीक्षाओं में नकल और अनियमितताओं के मामलों पर विश्वविद्यालय प्रशासन ने बड़ा एक्शन लिया है। परीक्षा की शुचिता भंग होने के आरोप में एटा जनपद के पांच कॉलेजों को डिबार कर दिया गया है, जिससे निजी शिक्षण संस्थानों में हड़कंप मच गया है।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नरेंद्र बहादुर सिंह की अध्यक्षता में हुई परीक्षा समिति की बैठक में जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की गई। जांच में सामने आया कि अलीगंज रोड स्थित दीनबंधु दीनानाथ कॉलेज तथा राजा का रामपुर स्थित डॉ. राम कुमार गायत्री देवी महाविद्यालय में कक्ष निरीक्षक ही परीक्षार्थियों को उत्तर बोल-बोलकर लिखवा रहे थे। मामले को गंभीर मानते हुए दोनों कॉलेजों को तीन वर्ष के लिए डिबार कर दिया गया। साथ ही संबंधित परीक्षाएं निरस्त कर अगले सत्र में बैक परीक्षा कराने का निर्णय लिया गया है।
गर्ल्स कॉलेज में सामूहिक नकल कराने
इसके अलावा एटा स्थित पुष्पा देवी गर्ल्स कॉलेज में सामूहिक नकल कराने तथा रामश्री शिक्षा महिला महाविद्यालय में छात्राओं के मोबाइल के साथ परीक्षा देते पकड़े जाने पर दोनों संस्थानों को एक-एक वर्ष के लिए प्रतिबंधित किया गया है।
वहीं चौधरी बदन सिंह कन्या महाविद्यालय को भी एक सेमेस्टर के लिए डिबार किया गया है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने साफ किया है कि भविष्य में परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी निगरानी, बायोमेट्रिक उपस्थिति और सघन तलाशी अनिवार्य रूप से लागू की जाएगी।
प्रोफेसर कुलपति नरेंद्र बहादुर ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा की तैयारी पारदर्शिता से किसी भी कीमत पर समझौता नहीं किया जाएगा। इसके अलावा 25 संदिग्ध विध्यालय को अंतिम चेतावनी जारी की गयी है।


