TRENDING TAGS :
Etah News: केंद्र सरकार के 12 साल पूरे, प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए बड़ा आयोजन
Etah News: केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर आयोजित कार्यक्रम में प्राकृतिक खेती पर कार्यशाला, विकास प्रदर्शनी और सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रभारी मंत्री कैलाश सिंह राजपूत ने किसानों से प्राकृतिक खेती अपनाने की अपील की और उत्कृष्ट किसानों को सम्मानित किया।
Etah News: केन्द्र सरकार के विश्वास, विकास एवं जनकल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर शुक्रवार को जनेश्वर मिश्र सभागार परिसर में कृषि विभाग की ओर से प्राकृतिक खेती विषयक कार्यशाला, विकास प्रदर्शनी एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि प्रभारी मंत्री कैलाश सिंह राजपूत ने किसानों से प्राकृतिक खेती अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि "प्राकृतिक खेती ही भविष्य की खेती है। इससे किसानों की लागत कम होगी, मिट्टी की उर्वरता बढ़ेगी, पर्यावरण सुरक्षित रहेगा और आने वाली पीढ़ियों को स्वस्थ जीवन मिलेगा।"
प्रभारी मंत्री ने कहा कि केन्द्र सरकार किसानों की आय बढ़ाने और कृषि को आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित कर रही है। उन्होंने अधिकारियों से इन योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र किसान तक पहुंचाने के निर्देश भी दिए।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रभारी मंत्री कैलाश सिंह राजपूत, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रमोद गुप्ता और मारहरा विधायक वीरेंद्र सिंह लोधी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद अतिथियों ने कृषि, उद्यान, पशुपालन, मत्स्य, स्वास्थ्य, जल जीवन मिशन, पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना, इफको, कृभको सहित विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया और योजनाओं की जानकारी ली।
इस दौरान प्राकृतिक खेती को अपनाकर उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रगतिशील किसानों को अंगवस्त्र एवं प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यशाला में किसानों ने प्राकृतिक खेती के अपने अनुभव साझा किए, जबकि कृषि, उद्यान, डेयरी, सिंचाई, पशुपालन, नलकूप एवं विद्युत विभाग के अधिकारियों ने किसानों को विभिन्न योजनाओं, अनुदानों और आधुनिक तकनीकों की जानकारी दी।
सांस्कृतिक कार्यक्रम में लोक कलाकारों ने कृषि विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित लोकगीत प्रस्तुत किए। सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की तीन दिवसीय विकास प्रदर्शनी तथा प्रधानमंत्री के साथ सेल्फी प्वाइंट कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसान, जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


