TRENDING TAGS :
Etah News: चार साल बाद खुला चंद्रवती हत्याकांड का राज, पति और उसके साथी गिरफ्तार, कंकाल बरामद
Etah News: एटा में चार साल पुराने चंद्रवती हत्याकांड का खुलासा हो गया है। पुलिस ने मृतका के पति और उसके साथी को गिरफ्तार कर लिया है तथा मामले में कंकाल भी बरामद किया गया है।
Etah News(Photo-Social Media)
Etah News: उत्तर प्रदेश के एटा जनपद के अवागढ़ थाना क्षेत्र में चार वर्ष पहले रहस्यमय तरीके से लापता हुई महिला के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए हत्या की गुत्थी सुलझा ली है। पुलिस ने महिला के पति और उसके एक साथी को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर मृतिका के कंकाल को बरामद किया है। मामले का खुलासा होने के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पांडेय ने बताया कि वर्ष 2022 में मिरहची थाना क्षेत्र के ग्राम सुपैती निवासी बीनेश कुमार ने अपनी बहन चंद्रवती के लापता होने की सूचना अवागढ़ थाने में दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि 15 फरवरी 2022 को चंद्रवती का पति मंजेश उसे जलेसर घुमाने के बहाने घर से ले गया था, लेकिन अगले दिन वह अकेला वापस लौट आया। इसके बाद महिला का कोई पता नहीं चल सका। पुलिस लगातार मामले की जांच और महिला की तलाश में जुटी रही। इसी बीच 10 जून 2026 को मृतिका के भाई ने दोबारा तहरीर देकर आरोप लगाया कि उसकी बहन की हत्या उसके पति मंजेश और उसके साथी सौदान सिंह ने कर शव को छिपा दिया है। तहरीर के आधार पर हत्या और साक्ष्य मिटाने की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. इलामारन जी के निर्देशन में अवागढ़ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि मंजेश को अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह था। इसी शक के चलते उसने अपने साथी सौदान के साथ मिलकर चंद्रवती की हत्या की साजिश रची। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों ने महिला को जलेसर से सिकंदराराऊ ले जाकर धर्मपुर नगरिया मार्ग पर खेत में गला दबाकर हत्या कर दी और शव को ईशन नदी के किनारे पहले से खोदे गए गड्ढे में दफना दिया। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने कंकाल बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में गिरफ्तार किये गये आरोपियों को जेल भेज दिया गया है ।


