Etah News: एटा बिजली दफ्तर में DM का अचानक निरीक्षण, शिकायतों पर अफसरों को लगाई फटकार

Etah News: एटा में डीएम अरविंद सिंह ने बिजली दफ्तर का अचानक निरीक्षण किया। उपभोक्ताओं की शिकायतों पर अधिकारियों को फटकार लगाई और व्यवस्था सुधारने के सख्त निर्देश दिए।

Sunil Mishra
Published on: 12 May 2026 3:57 PM IST
Etah News
X

Etah News(Photo-Social Media)

Etah News: एटा शहर की बिजली व्यवस्था और उपभोक्ताओं की शिकायतों की वास्तविक स्थिति जानने के लिए मंगलवार को जिलाधिकारी अरविंद सिंह अचानक रेलवे रोड स्थित विद्युत नगरीय वितरण खंड कार्यालय पहुंच गए। डीएम के इस आकस्मिक निरीक्षण से बिजली विभाग के अधिकारी और कर्मचारी हड़बड़ी में आ गए और व्यवस्थाएं दुरुस्त करने में जुट गए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने उपभोक्ताओं से सीधे बातचीत की और उनसे बिजली बिल भुगतान, शिकायतों के निस्तारण तथा आपूर्ति व्यवस्था के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कार्यालय में बिल भुगतान प्रक्रिया, उपभोक्ता सहायता व्यवस्था और शिकायत रजिस्टर का भी गहन निरीक्षण किया। इस दौरान कई उपभोक्ताओं ने अपनी बिजली संबंधी समस्याएं और बिलिंग से जुड़ी परेशानियां डीएम के सामने रखीं।

एसडीओ दिलीप कुमार भारती ने जिलाधिकारी को जानकारी दी कि शासन के निर्देशों के तहत प्रीपेड व्यवस्था को हटाकर पुनः पोस्टपेड प्रणाली लागू कर दी गई है। उन्होंने यह भी बताया कि अब अधिकांश उपभोक्ता ऑनलाइन माध्यम से बिजली बिल का भुगतान कर रहे हैं, जिससे पारदर्शिता बढ़ी है और लोगों को सुविधा मिल रही है।

वहीं अधीक्षण अभियंता सत्यनारायण ने बताया कि रेलवे रोड, जीटी रोड, माल गोदाम और शांति नगर सहित शहर के विभिन्न क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति को सुचारू बनाए रखने के लिए लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। उन्होंने कहा कि फीडरों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है ताकि उपभोक्ताओं को अनावश्यक बिजली कटौती का सामना न करना पड़े।

निरीक्षण के अंत में जिलाधिकारी अरविंद सिंह ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि उपभोक्ताओं की शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। डीएम के सख्त तेवर देखकर बिजली विभाग के अधिकारियों में दिनभर हलचल बनी रही और सभी कर्मचारी व्यवस्था सुधारने में जुटे रहे।


Anjali Soni

Anjali Soni

Mail ID - theanjalisonisoni111@gmail.com

Next Story