Etah News: प्रातः खेत पर घूमने गये किसान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत खेत में मिला शव

Etah News: एटा में सुबह खेत पर घूमने गए किसान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। किसान का शव खेत में मिलने से परिजनों में हड़कंप मच गया।

Sunil Mishra
Published on: 16 Aug 2026 3:28 PM IST
Etah News
X

Etah News(Photo-Social Media)

Etah News: मलावन थाना क्षेत्र के गांव कंगरोल में रविवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब 65 वर्षीय बुजुर्ग का शव संदिग्ध परिस्थितियों में खेत पर पड़ा मिला। शव मिलने की जानकारी होते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए। सूचना मिलने पर पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी। बुजुर्ग की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

जानकारी के अनुसार गांव कंगरोल निवासी 65 वर्षीय प्रभु चरण रविवार सुबह अपने खेत की ओर गए थे। काफी देर बाद जब वह वापस घर नहीं लौटे तो परिजनों को चिंता हुई। इसी बीच उनका शव खेत पर पड़ा होने की जानकारी मिली। शव मिलने की सूचना गांव में तेजी से फैल गई और मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।

घटना की सूचना मिलने पर थाना मलावन पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर घटना की परिस्थितियों की जानकारी जुटाई। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही घटनास्थल का निरीक्षण भी किया। फिलहाल बुजुर्ग की मौत को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस के अनुसार मृतक के बेटे बाहर रहते हैं। उनके आने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण का पता चल सकेगा। पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। उधर, बुजुर्ग की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीण भी घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Sunil Mishra
ABOUT THE AUTHOR

Sunil Mishra

वरिष्ठ संवाददाता, एटाetahsunilmishra@newstracksite.vocalwire.com
Next Story