Etah News: एटा में दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत, एक युवक की मौत, तीन सगे भाई गंभीर रूप से घायल

Etah News: एटा में दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में एक युवक की मौत हो गई, जबकि तीन सगे भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Sunil Mishra
Published on: 5 July 2026 11:38 AM IST
Etah News
X

Etah News(Photo-Social Media)

Etah News: एटा जिले के सकीट थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम नगला काजी के समीप शनिवार रात करीब साढ़े 11 बजे दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। इस भीषण सड़क हादसे में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक ही परिवार के तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और सभी घायलों को इलाज के लिए वीरांगना अवंतीबाई मेडिकल कॉलेज पहुंचाया।

जानकारी के अनुसार, ग्राम इशारा पश्चिमी, थाना सकीट निवासी गोविंद (30 वर्ष) पुत्र अनिल, सुरेंद्र (32 वर्ष) पुत्र सुखवीर और विक्रम (33 वर्ष) पुत्र सत्यवीर शनिवार रात को किसी जरूरी काम से बाइक द्वारा एटा जा रहे थे। तभी सामने से आ रही एक तेज रफ्तार बाइक से उनकी सीधी भिड़ंत हो गई। घायलों की बहन काजल चौहान ने बताया कि तीनों घायल युवक उसके भाई हैं। इस हादसे में दूसरी बाइक चला रहे युवक की मौके पर ही मौत हो गई थी, जिसे मेडिकल कॉलेज में चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

पुलिस जांच के दौरान मृतक युवक की पहचान विशाल (22 वर्ष) पुत्र चरण सिंह, निवासी टूंडला के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि विशाल शनिवार रात अपने मामा के घर शेखपुरा जा रहे थे, तभी रास्ते में यह हादसा हो गया। विशाल अपने माता-पिता के इकलौते पुत्र थे। उनकी असमय मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया है।

थाना सकीट प्रभारी विदेश राठी ने बताया कि दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में एक बाइक सवार की मृत्यु हुई है, जबकि दूसरी बाइक पर सवार तीन लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। चिकित्सकों ने घायल सुरेंद्र की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया है, जबकि गोविंद और विक्रम का उपचार मेडिकल कॉलेज में जारी है।

Sunil Mishra
ABOUT THE AUTHOR

Sunil Mishra

वरिष्ठ संवाददाता, एटाetahsunilmishra@newstracksite.vocalwire.com
Next Story