Etah News: ताजिया जुलूस के दौरान हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से युवक की मौत, चार झुलसे

Etah News: एटा में ताजिया जुलूस के दौरान हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि चार अन्य झुलस गए। पुलिस और प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

Sunil Mishra
Published on: 26 Jun 2026 12:39 PM IST
Etah News
X

Etah News(Photo-Social Media)

Etah News: उत्तर प्रदेश के एटा जिले के अलीगंज कस्बे में मोहर्रम के ताजिया जुलूस के दौरान शुक्रवार तड़के थाना अलीगंज क्षेत्र में एक बड़ा हादसा हो ही गया। पुलिस के अनुसार जुलूस के दौरान ताजिया अचानक एक ओर झुक गई और पास से गुजर रही हाईटेंशन विद्युत लाइन के संपर्क में आ गई। इससे ताजिया में करंट उतर गया, जिसकी चपेट में आने से 19 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग झुलस गए।

घटना थाना अलीगंज क्षेत्र के पुरानी तहसील के पास हुई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय पुलिस ने तत्काल घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) अलीगंज पहुंचाया। चिकित्सकों ने 19 वर्षीय सैफ पुत्र शाकिर खान, निवासी मोहल्ला मेवाती, को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

घायलों में साहिल (18), अली हसन (18), आमिर (22) और खुर्शीद (30) शामिल हैं। सभी की हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है। कुछ अन्य लोगों को भी मामूली करंट लगने की सूचना है। बिजली विभाग के एसडीओ अतुल कुमार के अनुसार ताजिया की ऊंचाई लगभग 15 से 18 फीट थी और जुलूस जिस मार्ग से निकाला जा रहा था वह काफी संकरा था। वहीं, घायलों के परिजनों एवं स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि जुलूस से पूर्व प्रशासन और बिजली विभाग को हाईटेंशन लाइन के संबंध में अवगत कराया गया था, लेकिन आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था नहीं की गई।आखिर क्यों?

घटना के बाद मुस्लिम समुदाय में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और प्रशासन पूरे घटनाक्रम की जांच कर आगे की कार्रवाई की बात कह रहा है। मौहम्मद आमिर ने बताया कि जिस समय ताजिया निकाले जा रहे थे उस समय सडक किनारे कारें खड़ी हुई थी जिस कारण ताजिया टेढा करके निकाला गया। अभी तक ताजिया निकलने के दौरान बिजली विभाग द्वारा बिजली काट दी जाती थी इस बार तो बिजली विभाग व प्रशासन द्वारा जानबूझकर बिजली नहीं काटी गयी और हादसा हो गया।

अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पाण्डेय ने बताया कि आज दिनांक 26 जून को थाना अलीगंज क्षेत्र में ताजिया जुलूस के दौरान ताजिया एक तरफ झुककर हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आ गई, जिससे करंट उतरने से कुछ लोग झुलस गए। पुलिस ने तत्काल सभी घायलों को सीएचसी अलीगंज पहुंचाया, जहां एक युवक की मृत्यु हो गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अन्य घायलों की स्थिति सामान्य है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। उप जिलाधिकारी अलीगंज जगमोहन गुप्ता ने बताया कि पूरी घटना की जांच करायी जायेगी उसमें जो दोषी पाया जायेगा कार्यवाही होगी।

Sunil Mishra
ABOUT THE AUTHOR

Sunil Mishra

Next Story