TRENDING TAGS :
Etah News: पाइपलाइन विवाद में हथियारबंद लोगों ने की फायरिंग, 14 वर्षीय किशोर की आंख में लगी गोली
Etah News: एटा में पाइपलाइन बिछाने के विवाद में हथियारबंद लोगों पर कई राउंड फायरिंग का आरोप है। गोली लगने से 14 वर्षीय किशोर घायल हुआ।
Etah News(Photo-Social Media)
Etah News: जैथरा थाना क्षेत्र के ढकपुरा गांव में खेत में पाइपलाइन बिछाने को लेकर हुए विवाद के बाद रविवार देर रात फायरिंग हो गई। गोली लगने से 14 वर्षीय किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसकी एक आंख बाहर निकल गई, जबकि दूसरी आंख में भी गोली धंसने की बात सामने आई है। गंभीर हालत में उसे सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
बताया गया कि ढकपुरा गांव निवासी अमित पुत्र हरिश्चंद्र खेत में पानी लगाने के लिए आरोपियों के खेत के पास से पाइपलाइन डाल रहा था। इसी को लेकर विवाद हो गया था। शाम के समय विवाद की सूचना पर डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत करा दिया था। आरोप है कि रविवार देर रात करीब 12:30 बजे आधा दर्जन लोग हथियारों से लैस होकर पहुंचे और घर पर कई राउंड फायरिंग कर दी। फायरिंग की आवाज सुनकर 14 वर्षीय आशु पुत्र नरेंद्र भी उठ गया। इसी दौरान गोली उसकी आंख में जा लगी। परिजन आनन-फानन में उसे वीरांगना अवंतीबाई लोधी स्वशासी राजकीय मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे। यहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
अमित के अनुसार विवाद में जनडैल, सत्यराम, धीरज, मुरलीधर और ओमसरन शामिल थे। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बताया जा रहा है। थाना प्रभारी जैथरा सुनील कुमार ने बताया कि ढकपुरा गांव में पाइपलाइन डालने को लेकर विवाद और फायरिंग की सूचना मिली है। एक किशोर के घायल होने की जानकारी है। मामले की जांच की जा रही है और घायल का उपचार कराया जा रहा है। तहरीर और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


