Etah News: 50 हजार का इनामी बदमाश से पुलिस की मुठभेड़, गिरफ्तार

Etah News: अलीगंज पुलिस की जवाबी फायरिंग में दीपक गिरी के पैर में लगी गोली, सुनार लूटकांड में था वांछित; 22 मुकदमों में नामजद आरोपी से तमंचा और चोरी की बाइक बरामद हुई है।

Sunil Mishra
Published on: 15 Nov 2026 4:53 PM IST
50,000 Inami Badmash encountered by police, arrested
X

50 हजार का इनामी बदमाश से पुलिस की मुठभेड़, गिरफ्तार (Photo- Newstrack)

Etah News: उत्तर प्रदेश के एटा जिले में थाना अलीगंज पुलिस और बदमाश के बीच शनिवार रात मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में पैर में गोली लगने से 50 हजार रुपये का इनामी बदमाश दीपक गिरी घायल हो गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस, चोरी की टीवीएस स्पोर्ट मोटरसाइकिल और 780 रुपये बरामद किए गए हैं।

पुलिस अधीक्षक के मुताबिक, 14 नवंबर की रात करीब 10:30 बजे अलीगंज पुलिस किला रोड स्थित पुराने पेट्रोल पंप के पास वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान कुरावली रोड की तरफ से बिना नंबर प्लेट की ग्रे रंग की टीवीएस स्पोर्ट मोटरसाइकिल पर सवार एक युवक आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया तो वह फायरिंग करते हुए भाग निकला।

पुलिस टीम ने पीछा किया तो बाइक सवार जसरथपुर तिराहे से अकबरपुर कोट रोड की तरफ मुड़ गया। दाउदगंज मोड़ पर बाइक फिसलकर गिर गई। इसके बाद बदमाश ने पुलिस टीम पर दोबारा फायरिंग की। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली लग गई। घायल बदमाश की पहचान दीपक गिरी (26) पुत्र अवधेश गिरी निवासी भटोली, थाना रानीपुर, जनपद मऊ के रूप में हुई। उसे सीएचसी अलीगंज से जिला अस्पताल एटा रेफर किया गया।

उन्नाव से बाइक चोरी कर एटा में की थी सुनार से लूट

पुलिस पूछताछ में दीपक गिरी ने 21 अक्टूबर को उन्नाव के जिला अस्पताल से नीले रंग की अपाचे मोटरसाइकिल चोरी करने और अगले दिन 22 अक्टूबर को उसी बाइक से अपने साथियों के साथ अलीगंज क्षेत्र में सुनार से लूट की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। इस मामले में थाना अलीगंज में मुकदमा संख्या 258/2026 धारा 309(6) बीएनएस के तहत दर्ज है।

अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पांडेय के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त 50 हजार रुपये का इनामी था और उसके खिलाफ विभिन्न जनपदों में चोरी, लूट, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट समेत 22 मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस उसके खिलाफ अग्रिम कार्रवाई कर रही है।

पुलिस टीम: कार्रवाई में अलीगंज पुलिस के उपनिरीक्षक जयवीर सिंह, मनीष कुमार, अशोक कुमार, कपिल कुमार, पंकज मणि गौतम, हिरदेश कुमार दुबे समेत पुलिसकर्मी शामिल रहे।

Sunil Mishra
ABOUT THE AUTHOR

Sunil Mishra

वरिष्ठ संवाददाता, एटाetahsunilmishra@newstracksite.vocalwire.com
Next Story