TRENDING TAGS :
Etah News: CEIR पोर्टल से एटा पुलिस को बड़ी सफलता, 109 गुम मोबाइल कीमत 16 लाख के बरामद कर लौटाए
Etah News एटा पुलिस ने CEIR पोर्टल की मदद से 16 लाख रुपये कीमत के 109 गुम मोबाइल फोन बरामद कर उनके मालिकों को वापस सौंप दिए।
Etah News(Photo-Social Media)
Etah News: उत्तर प्रदेश के एटा जनपद में गुम हुए मोबाइल फोन बरामद करने के अभियान में एटा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है आज एटा पुलिस लाइन के सभा कक्ष में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इलामारन जी. के निर्देशन में सर्विलांस सेल, साइबर सेल एवं जनपदीय पुलिस टीम ने सीईआईआर (CEIR) पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के आधार पर कुल 109 मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को सुपुर्द किए। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 16 लाख रुपये बताई गई है।
यह कार्रवाई अपर पुलिस अधीक्षक नगर श्वेताभ पाण्डेय, अपर पुलिस अधीक्षक अपराध योगेन्द्र के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी सकीट/साइबर अपराध नीतीश गर्ग के नेतृत्व में की गई। साइबर सेल प्रभारी उपनिरीक्षक दीक्षित कुमार एवं सर्विलांस सेल प्रभारी उपनिरीक्षक सुशील लाम्बा की टीम ने जनपद के सभी थानों के सहयोग से मोबाइल फोन ट्रैक कर बरामद किए।
बरामद मोबाइलों में सैमसंग, वीवो, रेडमी, ओप्पो, रियलमी, वन प्लस सहित विभिन्न कंपनियों के फोन शामिल हैं। पुलिस के अनुसार अब तक कुल 655 गुम मोबाइल फोन विभिन्न जनपदों और राज्यों की पुलिस के समन्वय से बरामद कर लोगों को लौटाए जा चुके हैं। अपने खोए मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने एटा पुलिस का आभार जताया।
एटा पुलिस ने आमजन से अपील करते हुए कहा है कि मोबाइल गुम या चोरी होने पर तुरंत सीईआईआर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कर मोबाइल ब्लॉक कराएं तथा साइबर हेल्पलाइन 1930 या निकटतम थाने पर सूचना दें। पुलिस ने लोगों को मोबाइल का IMEI नंबर सुरक्षित रखने और किसी भी अनजान लिंक या व्यक्ति के साथ बैंकिंग जानकारी साझा न करने की सलाह भी दी है।


