Etah News: बारिश से जलभराव, दीवार गिरी; फसलें बर्बाद, स्कूल-बाजार बंद

Etah News: एटा में लगातार बारिश से शहर और गांवों में जलभराव, अमोगपुर में दीवार गिरने से गाय की मौत, बाजरा-धान की फसलें प्रभावित, स्कूल बंद।

Sunil Mishra
Published on: 26 Sept 2026 4:57 PM IST
flooding from rain, wall falling; Crops ruined, school-markets closed
X

बारिश से जलभराव, दीवार गिरी; फसलें बर्बाद, स्कूल-बाजार बंद (Photo- Newstrack)

Etah News: एटा में शनिवार शाम से लगातार हो रही तेज बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। एटा मुख्यालय से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक जगह-जगह जलभराव की स्थिति बनी हुई है। शहर के मुख्य मार्गों, मोहल्लों और कॉलोनियों की गलियों में पानी भरने से लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है। कई जगह नाले और नालियां उफनने से पानी सड़कों पर बह रहा है और घरों में भी घुस गया है।

अलीगंज के गांवों में भी जलभराव

लगातार बारिश के बीच अलीगंज तहसील के दर्जनों गांवों में भारी जलभराव की समस्या पैदा हो गई है। गांव अमोगपुर में करीब 100 फीट लंबी दीवार भरभराकर गिर गई। मलबे में दबकर पड़ोसी राहुल की गाय की मौत हो गई, जबकि मोटरसाइकिल और साइकिल भी क्षतिग्रस्त हो गईं। सूचना मिलने पर एसआई जयवीर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस की मौजूदगी में जेसीबी की मदद से मलबा हटाकर गाय को बाहर निकाला गया। हादसे में किसी व्यक्ति के घायल होने की सूचना नहीं है। अलीगंज एसडीएम ने टीम भेजकर नुकसान का आकलन कराने के निर्देश दिए हैं।

खेतों में पानी भरने से फसलों को नुकसान

लगातार बारिश का सबसे ज्यादा असर किसानों पर पड़ा है। खेतों में पानी भरने से बाजरा और धान की खड़ी फसलें गिर गई हैं। किसान रामप्रकाश ने बताया कि इस बार बारिश अच्छी हुई थी, लेकिन लगातार हो रही बारिश अब फसलों के लिए नुकसान का कारण बन गई है। जीसुखपुर की कमला देवी ने बताया कि खेतों में पानी भर जाने से फसलों को काफी नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि सरसों की बुवाई की तैयारी भी प्रभावित हो रही है।

स्कूल बंद, बाजारों में भी दिखा असर

शहर में कई सरकारी कार्यालयों, मकानों और गलियों में पानी भर गया है। कुछ मकानों की छतें भी टपकने लगी हैं। लोगों का कहना है कि नाले और नालियों की सफाई नहीं होने से पानी की निकासी बाधित हो रही है। बारिश के कारण जिला प्रशासन ने कक्षा एक से 12वीं तक के विद्यालयों में अवकाश घोषित किया है। बाजारों में भी बारिश का असर दिखाई दिया और कई दुकानें बंद रहीं। प्रमुख सड़कें सुनसान नजर आईं। किसानों ने फसलों के नुकसान का सर्वे कराकर सरकार से मुआवजा दिलाने की मांग की है।

Sunil Mishra
ABOUT THE AUTHOR

Sunil Mishra

वरिष्ठ संवाददाता, एटाetahsunilmishra@newstracksite.vocalwire.com
Next Story