Etah News: सोमनाथ अमृत महोत्सव में एटा में निकली 111 कलश यात्रा

Etah News: सोमनाथ अमृत महोत्सव पर एटा में 111 महिलाओं ने भव्य कलश यात्रा निकाली, कैलाश मंदिर में जलाभिषेक हुआ और डीएम ने पूजा-अर्चना की।

Sunil Mishra
Published on: 11 May 2026 6:46 PM IST
111 Kalash Yatra held at Somnath Amrit Festival
X

सोमनाथ अमृत महोत्सव में एटा में निकली 111 कलश यात्रा (Photo- Newstrack)

Etah News: एटा। देश के प्रथम ज्योतिर्लिंग सोमनाथ मंदिर के पुनर्निर्माण एवं लोकार्पण के 75 वर्ष पूर्ण होने पर सोमवार को एटा जनपद में आस्था और श्रद्धा का भव्य दृश्य देखने को मिला। ‘सोमनाथ अमृत महोत्सव’ के तहत राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़ी महिलाओं ने कलेक्ट्रेट परिसर से प्राचीन कैलाश मंदिर तक विशाल कलश यात्रा निकाली। यात्रा में शामिल 111 महिलाओं ने कलशों में गंगाजल लेकर भगवान शिव का जलाभिषेक किया और पूरे मार्ग में श्रद्धा व भक्ति का वातावरण बना रहा।

धार्मिक जयघोष करती हुई आगे बढ़ीं महिलाएं

कलश यात्रा में महिलाएं पारंपरिक परिधानों में सिर पर कलश रखकर धार्मिक जयघोष करती हुई आगे बढ़ीं। यात्रा के दौरान भक्तिमय नारों और घंटा-घड़ियाल की ध्वनि से माहौल पूरी तरह शिवमय हो गया। प्राचीन कैलाश मंदिर पहुंचकर महिलाओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की तथा भगवान शिव का जलाभिषेक किया।


कार्यक्रम में जिलाधिकारी अरविन्द सिंह, नगर पालिका परिषद एटा की अध्यक्षा सुधा गुप्ता, परियोजना निदेशक सुरेंद्र कुमार गुप्ता, जिला पंचायत राज अधिकारी राजकुमार मौर्य और पालिका प्रतिनिधि पंकज गुप्ता सहित कई अधिकारी एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे। इस दौरान प्रधानमंत्री के संबोधन और लाइव प्रसारण का आयोजन भी किया गया, जिसे उपस्थित लोगों ने उत्साहपूर्वक देखा।

सोमनाथ मंदिर भारत की सांस्कृतिक चेतना और राष्ट्रीय स्वाभिमान का प्रतीक

जिलाधिकारी अरविन्द सिंह ने कहा कि सोमनाथ मंदिर केवल धार्मिक आस्था का केंद्र नहीं, बल्कि भारत की सांस्कृतिक चेतना और राष्ट्रीय स्वाभिमान का प्रतीक भी है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को देश की आध्यात्मिक विरासत से जोड़ने का कार्य कर रहे हैं।

कार्यक्रम में महिला शक्ति की सक्रिय भागीदारी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं में भारी उत्साह दिखाई दिया और मंदिर परिसर देर तक हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजता रहा।

Shashi kant gautam

Shashi kant gautam

Mail ID - skgautam1208@gmail.com

Next Story