Etah News: सौतेली मां पर 4 साल के मासूम को ड्रम में डुबोकर यातना देने का आरोप, FIR दर्ज

Etah News: एटा के जलेसर में 4 वर्षीय मासूम से सौतेली मां की क्रूरता का आरोप, ड्रम में डुबोकर पीटा और गुप्तांग काटने की शिकायत, FIR दर्ज।

Sunil Mishra
Published on: 28 Jun 2026 9:16 AM IST
Etah News: सौतेली मां पर 4 साल के मासूम को ड्रम में डुबोकर यातना देने का आरोप, FIR दर्ज
X

Etah News 

Etah News: उत्तर प्रदेश के एटा जनपद के जलेसर थाना क्षेत्र के ग्राम मुसियार से मानवता को शर्मसार कर देने वाला एक रोंगटे खड़े कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक 4 साल के मासूम बच्चे डोरीलाल पर उसकी सौतेली मां खुशबू द्वारा बेरहमी और क्रूरता की सारी हदें पार करने का गंभीर आरोप लगा है। आरोपी महिला ने बच्चे को न केवल पानी से भरे ड्रम में बार-बार डुबोकर बुरी तरह पीटा, बल्कि उसके गुप्तांग तक काट डाले।

वर्तमान में मासूम की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है और वह आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज में जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहा है। पीड़ित बच्चे के नाना तेज सिंह वर्मा (निवासी अवागढ़) ने मामले की लिखित शिकायत जलेसर थाने में दर्ज कराई है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पिता की मौन सहमति और पुराना विवाद

शिकायत के अनुसार, तेज सिंह वर्मा की बेटी उपदेश की शादी मुसियार निवासी जितेंद्र कुमार से हुई थी। आरोप है कि 8 नवंबर 2023 को ससुराल वालों ने उपदेश की हत्या कर दी थी। इसके बाद जितेंद्र ने खुशबू नाम की महिला से दूसरा विवाह कर लिया। पहली पत्नी का 4 वर्षीय बेटा डोरीलाल अपने पिता और सौतेली मां के साथ ही रह रहा था। नाना का आरोप है कि सौतेली मां खुशबू बच्चे को अपने रास्ते का कांटा समझती थी और उसे जान से मारने की नीयत से अक्सर प्रताड़ित करती थी। इससे पहले 8 सितंबर 2025 को भी खुशबू ने मासूम को इस कदर पीटा था कि उसका हाथ टूट गया था। इस खौफनाक वारदात में बच्चे के पिता जितेंद्र की भी मौन सहमति शामिल होने का आरोप है।

23 जून को पार हुईं क्रूरता की हदें

ताजा घटना बीते 23 जून 2026 की है, जब सौतेली मां ने बच्चे को जान से मारने के इरादे से ड्रम में डुबोया और लहूलुहान कर घर से गायब कर दिया। बाद में पता चला कि पिता ने गुपचुप तरीके से गंभीर हालत में बच्चे को आगरा के अस्पताल में भर्ती कराया है। जब नाना अस्पताल पहुंचे, तो बच्चे के पूरे शरीर पर चोटों के गहरे निशान और कटा हुआ गुप्तांग देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई।

नाना ने आरोप लगाया कि 23 जून को शिकायत के बावजूद पुलिस ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की, जिसके बाद शनिवार (26 जून) को दोबारा जख्मों की तस्वीरें संलग्न कर तहरीर दी गई। पीड़ित परिवार ने आशंका जताई है कि यदि कड़ी कार्रवाई नहीं हुई, तो आरोपी महिला भविष्य में बच्चे की जान ले सकती है। पुलिस फिलहाल मामले की गहनता से जांच कर रही है।क्षेत्राधिकारी जलेसर ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह ने बताया पूरे घटनाक्रम की रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी महिला से पूंछ तांछ कर सबूतों के हिसाब से कार्यवाही की जायेगी।

Sunil Mishra
ABOUT THE AUTHOR

Sunil Mishra

Next Story