Etah News: एटा में हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से 16 वर्षीय किशोर की मौत, ग्रामीणों में आक्रोश

Etah News: एटा के अलीगंज क्षेत्र में खेत में काम करते समय 16 वर्षीय किशोर की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से मौत हो गई। ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया।

Sunil Mishra
Published on: 14 May 2026 1:56 PM IST
Etah News
X

Etah News(Photo-Social Media)

Etah News: एटा, उत्तर प्रदेश। एटा जिले के अलीगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक दर्दनाक हादसे में 16 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। ग्रामीणों ने इस घटना के लिए बिजली विभाग की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, अकबरपुर कोट निवासी विक्रांत सिंह (16), पुत्र मेवाराम, की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। यह घटना खेत में काम करने के दौरान हुई।

जानकारी के मुताबिक, विक्रांत अपने खेत में मक्का की फसल देखने और उसमें पानी लगाने गया था। प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों के अनुसार, खेत के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन काफी नीचे झूल रही थी। काम के दौरान वह अनजाने में लटकती हुई तार के संपर्क में आ गया, जिससे उसे जोरदार करंट लगा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश

घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों और ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि हाईटेंशन लाइन लंबे समय से नीचे झूल रही थी, लेकिन विभाग ने इसे ठीक करने की जहमत नहीं उठाई। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि यह हादसा विभाग की अनदेखी का नतीजा है। उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की है।

पुलिस जांच जारी

सूचना मिलने पर अलीगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

कस्बा इंचार्ज मनीष बालियान ने बताया कि घटना के कारणों की गहन जांच की जा रही है और रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

वहीं, एसडीएम अलीगंज जगमोहन गुप्ता ने कहा कि जांच के आधार पर पीड़ित परिवार को मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया की जाएगी।

Anjali Soni

Anjali Soni

Mail ID - theanjalisonisoni111@gmail.com

Next Story