TRENDING TAGS :
Etah News: छेड़छाड़ के आरोपियों पर किशोरी के अपहरण का आरोप, पुलिस की निष्क्रियता पर SSP से गुहार
Etah News: एटा में छेड़छाड़ के आरोपियों पर किशोरी के अपहरण का आरोप लगाया गया है। परिजनों ने पुलिस की कथित निष्क्रियता पर नाराजगी जताते हुए SSP से हस्तक्षेप कर कार्रवाई की मांग की है।
Etah News(Photo-Social Media)
Etah News: उत्तर प्रदेश के एटा जिले से कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाली एक बेहद संवेदनशील घटना सामने आई है। यहाँ जलेसर थाना क्षेत्र में छेड़छाड़ के आरोपियों ने घर में घुसकर एक 16 वर्षीय किशोरी को तमंचे (कट्टा) के बल पर अगवा करने का आरोप लगाया गया है । इस सनसनीखेज वारदात के बाद पीड़िता का परिवार न्याय के लिए दर-दर भटक रहा है और न्याय न मिलने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) कार्यालय पहुँचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
पीड़ित पक्ष से मिली जानकारी के मुताबिक, पीड़ित किशोरी (काल्पनिक नाम मीनू) ने बीते 3 जून को गाँव के ही सोनू और उसके रिश्तेदार अंशुल सहित दो युवतियों के खिलाफ छेड़छाड़ और मारपीट का मुकदमा दर्ज कराया था। आरोप है कि केस दर्ज होने के बाद से ही दबंग आरोपी पक्ष लगातार पीड़िता के परिवार पर मामला वापस लेने और फैसला करने का दबाव बना रहा था।
पीड़िता के पिता द्वारा दी गई शिकायत के अनुसार, बीते मंगलवार की देर रात आरोपी सोनू (पुत्र महाराज सिंह) और उसका रिश्तेदार अंशुल (पुत्र राजकुमार) मोटरसाइकिल पर सवार होकर उनके घर आ धमके। दोनों आरोपियों ने घर में घुसकर किशोरी की कनपटी पर तमंचा सटा दिया और उसे जबरन दबंगई के बल पर सरेआम उठाकर ले गए। किशोरी के चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर जब ग्रामीण वहाँ इकट्ठा होने लगे और पुलिस को सूचना दी गई, तो पुलिस के आने की भनक लगते ही आरोपी किशोरी को रास्ते में छोड़कर फरार हो गए।
पीड़ित पक्ष ने स्थानीय पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया है पीड़ित परिवार का आरोप है कि घटना के समय मौके पर पहुँची स्थानीय पुलिस के सामने ही आरोपी किशोरी को छोड़कर भागे, लेकिन पुलिस ने उन्हें पकड़ने या कोई ठोस कार्रवाई करने की जहमत नहीं उठाई। पुलिस की इसी सुस्ती और निष्क्रियता से परेशान होकर पीड़ित परिवार को एटा के एसएसपी डॉ. इलामारन जी के पास गुहार लगाने आना पड़ा।
पिता का कहना है कि आरोपी उनकी बेटी को जान से मारने और बयान बदलने की लगातार धमकियां दे रहे हैं, जिससे पूरा परिवार खौफ के साए में जीने को मजबूर है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी डॉ. इलामारन जी ने पीड़ित परिवार को निष्पक्ष जांच और आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई का आश्वासन दिया है। इस मामले में जलेसर थाना प्रभारी संजय सिंह से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे बातचीत नहीं हो सकी है।


