Etah News: दो युवकों की संदिग्ध मौत, एक फांसी पर मिला, हत्या का आरोप

Etah News: सकीट में 22 वर्षीय राघवेंद्र का शव फंदे पर मिला, वहीं बसपा कार्यकर्ता बच्चू सिंह की मौत पर बेटी ने परिजनों पर जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाया।

Sunil Mishra
Published on: 15 Nov 2026 6:03 PM IST
Two youths die suspiciously
X

दो युवकों की संदिग्ध मौत, एक फांसी पर मिला, हत्या का आरोप (Photo- Newstrack)

Etah News: उत्तर प्रदेश के एटा जिले में अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दो लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। थाना सकीट क्षेत्र में 22 वर्षीय युवक का शव घर में फांसी के फंदे पर लटका मिला, जबकि कोतवाली नगर क्षेत्र में 55 वर्षीय बसपा कार्यकर्ता की मौत के बाद उनकी बेटी ने परिजनों पर जहर देकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। दोनों मामलों में पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।

पहली घटना थाना सकीट क्षेत्र के गांव बक्शीपुर खास की है। यहां राधेश्याम के 22 वर्षीय पुत्र राघवेंद्र का शव घर में फांसी के फंदे पर लटका मिला। घटना की जानकारी होते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया।

घटनास्थल पर डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम ने भी पहुंचकर जांच की और साक्ष्य जुटाए। स्थानीय स्तर पर सामने आई जानकारी के मुताबिक, कुछ दिन पहले राघवेंद्र के पड़ोसी घमंडी लाल से विवाद हुआ था। आरोप है कि पड़ोसी ने घर में घुसकर उसके माता-पिता के साथ मारपीट की थी। इसी विवाद के बाद से युवक परेशान था। हालांकि, आत्महत्या के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। क्षेत्राधिकार सकीट नितेश गर्ग ने बताया पुलिस घटना के मुख्य कारणों की जांच कर रही है शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है

दूसरी घटना कोतवाली नगर क्षेत्र के मोहल्ला भगीपुर सिद्धार्थ नगर की है। प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र पवार के अनुसार यहां 55 वर्षीय बच्चू सिंह की अचानक तबीयत बिगड़ गई। परिजन उन्हें मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

बच्चू सिंह बसपा कार्यकर्ता बताए गए हैं। पिता की मौत की सूचना मिलने पर फर्रुखाबाद से एटा पहुंची उनकी बेटी माही ने पुलिस को सूचना देकर परिजनों पर जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाया। बेटी के आरोपों के बाद मामला संदिग्ध हो गया है।पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच से ही दोनों मौतों की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

Sunil Mishra
ABOUT THE AUTHOR

Sunil Mishra

वरिष्ठ संवाददाता, एटाetahsunilmishra@newstracksite.vocalwire.com
Next Story