Etah Police Arakshi Bharti: अभ्यर्थियों को मिली बसों में CM की 50 फीसदी कनसेशन की सुविधा

Etah UP Police Arakshi Bharti: एडीजी ने परीक्षा केंद्रों का लिया जायजा, 11 केंद्रों पर 7104 अभ्यर्थियों ने दी पुलिस भर्ती परीक्षा 1373 रहे अनुपस्थित

Sunil Mishra
Published on: 8 Jun 2026 7:08 PM IST
Etah UP Police Arakshi Bharti
X

Etah UP Police Arakshi Bharti

Etah UP Police Arakshi Bharti: जनपद में आयोजित नागरिक पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा के अभ्यर्थियों को 50 फीसदी रियायती यात्रा की सुविधा संबधी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आदेश का असर दिखा। दावा किया गया है कि बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने इसका लाभ उठाया। परीक्षा को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से सम्पन्न कराने के लिए सोमवार को अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) आगरा जोन एस.के. भगत ने जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान जिलाधिकारी अरविंद सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. इलामारन भी मौजूद रहे।

यूपी रोडवेज के एआरएम नरेश कुमार गुप्ता ने बताया कि मुख्यमंत्री के आदेश के बाद एटा डिपो के सभी परिचालकों को निर्देश दिया गया था कि परिचय पत्र की फोटो कॉपी जमा करने पर 50 परसेंट की किराए में छूट दी जाए और एटा डिपो में यह छूट कितने परीक्षार्थियों को दी गई है संख्या के बारे में उन्होंने बताया कि यह जानकारी कल हो सकेगी कि कितने परीक्षार्थियों ने एटा डिपो की बसों में यात्रा कर इस सुविधा का लाभ लिया है

जनपद में भर्ती परीक्षा के लिए कुल 11 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां दो पालियों में परीक्षा आयोजित कराई गई। प्रथम पाली में कुल 3552 अभ्यर्थियों में से 2864 अभ्यर्थी उपस्थित रहे, जबकि 688 अनुपस्थित रहे। वहीं द्वितीय पाली में 3552 अभ्यर्थियों में से 2867 परीक्षार्थी उपस्थित हुए और 685 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। दोनों पालियों को मिलाकर कुल 7104 अभ्यर्थियों में से 5731 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 1373 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।

एडीजी आगरा एस.के. भगत ने परीक्षा केंद्रों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान परीक्षा केंद्रों पर लगाए गए सीसीटीवी कैमरों, जैमर और अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया, ताकि परीक्षा प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और सुरक्षित बनी रहे।


निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों के आसपास सतर्क निगरानी बनाए रखने, संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने तथा सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के निर्देश दिए। साथ ही परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया।

एडीजी ने परीक्षा ड्यूटी में लगे पुलिसकर्मियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा को पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ सम्पन्न कराया जाए। उन्होंने कहा कि भर्ती परीक्षा की शुचिता बनाए रखना प्रशासन और पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

जिलाधिकारी अरविन्द सिंह ने स्पष्ट किया गया कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अनियमितता या अवांछित गतिविधि पाए जाने पर सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। जिले में भर्ती परीक्षा को लेकर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं, जिससे परीक्षा शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से सम्पन्न कराई जा सके।

Sunil Mishra
ABOUT THE AUTHOR

Sunil Mishra

Next Story